
BIHAR:- राजद नेता ने भैंस पर सिलेंडर लेकर केंद्र सरकार के खिलाफ किया प्रदर्शन
अररिया- 18 जुलाई। देश में लगातार बढ़ती महंगाई को लेकर केंद्र सरकार के खिलाफ मंगलवार को राजद जिला उपाध्यक्ष अमित पूर्वे ने सैकड़ों ग्रामीणों के साथ अनोखे अंदाज में प्रदर्शन किया। मित पूर्वे ने भैंस पर सवार होकर सिलेंडर के साथ प्रदर्शन करते हुए केंद्र सरकार की नीतियों और महंगाई पर अंकुश लगा पाने में अक्षमता को लेकर नारेबाजी की।फारबिसगंज से सटे नरपतगंज के ख़ाबदह डुमरिया सहित अगल बगल गांवों में भैंस की सवारी कर प्रदर्शन किया।
विरोध प्रदर्शन करते हुए राजद नेता अमित पूर्वे ने कहा कि पिछले एक दशक से देश की हालात बद से बदतर है।देश के हरेक सेक्टर में लोग त्राहिमाम कर रहे हैं।देश के किसान डीजल के दामों में अनाप-शनाप बढ़ोतरी के कारण किसानी कर पाने में किसी तरह मजबूर हैं और बावजूद इसके उपज पर सही दाम नहीं मिलने से किसान खुदकुशी को मजबूर हैं।पड़ोसी देश लगातार सीमा पर आंखें दिखाने का काम कर रही है।सरकार की वैदेशिक नीति फेल है और इसके कारण सीमा पर जवान मरने को विवश हैं।रसोई गैस और अन्य समानों की कीमत आसमान छूने के कारण मध्यम और निम्न वर्ग के लोग परेशान हैं। मां बहनों का रसोई का बजट गड़बड़ा गया है। वर्तमान में केंद्र सरकार हर मोर्चे पर हर स्थिति में विफल है, लेकिन देश के प्रधानमंत्री को देश की हालात से कोई सरोकार नहीं है।जनता की कोई चिंता नहीं है।
राजद नेता अमित पूर्वे ने गांव के लोगों से अपील करते हुए कहा कि ऐसे जनविरोधी सरकार को देश के गद्दी पर बैठने का कोई अधिकार नहीं है।2024 के चुनाव में प्रधानमंत्री ने जितने भी झूठ बोले हैं, उनका हिसाब जनता लेगी।



