
BIHAR:- मोकामा और गोपालगंज विस सीट पर 3 नवम्बर को होगा उपचुनाव
पटना- 03 अक्टूबर। बिहार की दो विधानसभा सीटों मोकामा और गोपालगंज पर होने वाले उपचुनाव के लिए चुनाव आयोग ने तारीखों का ऐलान कर दिया है। 3 नवम्बर को मोकामा और गोपालगंज विधानसभा सीटों के लिए उपचुनाव कराने की घोषणा की गयी है। 6 नवंबर को मतगणना होगी। उम्मीदवार 14 अक्टूबर से अपना नामांकन दाखिल कर सकेंगे और 15 अक्टूबर को नामांकन पत्रों की जांच होगी। उम्मीदवार 17 अक्टूबर तक अपना नामांकन वापस लेने सकेंगे। उपचुनाव की अधिसूचना 7 अक्टूबर को जारी होगी।
उल्लेखनीय है कि विधायक अनंत सिंह की सदस्यता समाप्त होने से मोकामा और मंत्री सुभाष सिंह के निधन के कारण गोपालगंज में उपचुनाव होना है। राजद के बाहुबली विधायक अनंत सिंह को आपराधिक मामले में सजा होने के बाद बिहार विधानसभा ने उनकी सदस्यता को खत्म कर दिया था, जिसके बाद से मोकामा की सीट खाली है। वहीं विधायक सुभाष सिंह के निधन के बाद गोपालगंज विधानसभा सीट खाली हो गई थी।
बताया जा रहा है कि मोकामा से अनंत सिंह की पत्नी नीलम देवी को राजद उम्मीदवार बना सकती है। वह महागठबंधन के टिकट पर चुनाव लड़ सकती हैं। भाजपा की ओर से मोकामा विधानसभा सीट के लिए किसे उम्मीदवार बनाया जायेगा यह अभी तक तय नहीं है। गोपालगंज उपचुनाव में सुभाष सिंह के बेटे को भाजपा की ओर से उम्मीदवार बनाये जाने की चर्चा है। महागठबंधन के टिकट दावेदारों में फिलहाल कौन सा दल चुनाव लड़े इस पर सहमती नहीं बनी है।
दरअसल, छह राज्यों की सात विधानसभा सीटों पर चुनाव होना है। चुनाव आयोग ने 3 नवंबर को उपचुनाव कराने का फैसला लिया है और 6 नवंबर को नतीजे आएंगे। महाराष्ट्र के अंधेरी पूर्व, बिहार के मोकामा और गोपालगंज, हरियाणा के आदमपुर, तेलंगाना के मुनुगोड़े, उत्तर प्रदेश के गोला गोकर्णनाथ और ओडिशा के धामनगर (एससी) विधानसभा सीटों पर मतदान होंगे। जिसके लिए नामांकन से परिणाम तक की तारीखों की घोषणा कर दी गयी है।



