
BIHAR:- बेतिया में हथियार के बल पर फाइनेंस कर्मी से 70 हजार की लूट
बेतिया-03 दिसंबर। जिले में चनपटिया-बेतिया मुख्यमार्ग के महना मुशहरी गांव के समीप शुक्रवार के दोपहर हथियार से लैस बाइक सवार बदमाशों ने भारत फाइनेंस कर्मी से 70 हजार रुपये लूट लिया। लूट की घटना को अंजाम देने के बाद बदमाश बाइक पर सवार होकर कुमारबाग की तरफ भाग निकले। फाइनेंस कर्मी रौशन कुमार ने इस घटना की जानकारी पुलिस को दी। जानकारी मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंचकर मामले की जांच शुरू कर दी। बदमाशों के भागने की दिशा में पुलिस ने पीछा किया, लेकिन बदमाश फरार हो चुके थे।
थानाध्यक्ष मनीष कुमार ने बताया कि फाइनेंस कर्मी से 70 हजार रुपये लूटे जाने की सूचना मिली है। इसके बाद मौके पर पहुंचकर मामले की जांच की गई। प्रथम दृष्टया मामला संदिग्ध लग रहा है। इधर, मिली जानकारी के अनुसार भारत फाइनेंस कर्मी रौशन कुमार कुमारबाग़ व महना से समूह लोन का रुपया कलेक्शन कर चनपटिया कार्यालय की ओर लौट रहा था। इसी दौरान दोपहर करीब 1:30 बजे महना मुशहरी गांव के समीप यामाहा बाइक पर सवार दो बदमाश पीछे से ओवरटेक कर उसके पास पहुंचे। बदमाशों ने अपनी बाइक रोक दी और बंदूक का भय दिखाकर फाइनेंस कर्मी से बाइक की चाभी छीन ली। उसके बाद डिक्की में रखे बैग से 70 हजार रुपया लेकर कुमारबाग की तरफ फरार हो गए। इधर, फाइनेंस कर्मी से लूट की इस घटना के बाद से इलाके में दहशत का माहौल है। इस वारदात को लेकर लोग कई तरह की आशकाएं जता रहे हैं।



