
BIHAR:- बेतिया में जमीन जोतने से मना करने पर चली गोली, 5 जख्मी
बेतिया- 24 दिसंबर। बेतिया पुलिस जिला स्थित जगदीशपुर ओपी के नकटी पटेरवा गांव में आज जमीन जोतने से मना करने पर कतिपय तत्वों ने चार राउंड गोलिया चलाकर एक बच्ची समेत पांच महिलाओं को घायल कर दिया। घटना शनिवार के दोपहर एक बजे की है। घायलों में नकटी पटेरवा निवासी अमृता कुमारी , बबीता कुमारी, मंजू देवी , शमा देवी , चांदनी देवी शामिल है।
पुलिस अधीक्षक उपेन्द्र नाथ वर्मा ने बताया कि घायल लोगों को जीएमसीएच अस्पताल में भर्ती कराया गया है। आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए छापेमारी की जा रही है। घटना में शामिल अपराधियों को गिरफ्तार कर फायरिंग में प्रयुक्त हथियार भी बरामद कर लिया जाएगा।
जीएमसीएच अस्पताल के अधीक्षक डॉ. प्रमोद तिवारी ने बताया कि घायल लड़की व महिलाओं को गोली का छर्रा लगा है। उनकी चिकित्सा की जा रही है। घायलों को लेकर अस्पताल पहुंची ग्रामीण मुस्मात तारा खातून (65) तथा हरिनारायण मंडल (35) ने बताया कि 1985 में प्रशासन ने नकटी पटेरवा के 38 लोगों को सिलिंग की जमीन का पर्चा दिया था। जिसमें 2002 में तत्कालीन जिला प्रशासन ने पर्चाधारियों को जमीन पर कब्जा दिलवाया था। जमीन मालिक नौतन थाना के बैकुंठवा निवासी स्व. रेवतीकांत दुबे इस मामले में उच्च न्यायालय गए थे। इस जमीन पर दोनों पक्ष के लोग नहीं जा रहे थे।
शनिवार की दोपहर अचानक रेवतीकांत दुबे के भतीजा शिशिर दुबे अपने समर्थकों के साथ जमीन पर पहुंचकर उसे जोतवाने लगे। जानकारी मिलने पर तीन महिलाएं व बबीता कुमारी उन्हें रोकने के लिए गयी। इसी दौरान शिशिर दुबे ने पहले दोनाली बंदूक से हवाई फायरिंग की। उसके बाद महिलाओं पर फायरिंग कर दी। पुरे जिले मे आग की तरह फैल गया है.



