
BIHAR:- बेतिया मेंआरपीएफ जवान समेत 2 से लूट का उद्भेदन
बेतिया- 11 फरवरी। पश्चिम चंपारण के मझौलिया के नानोसती में नवलपुर के दुधियवा निवासी आरपीएफ जवान राजीव यादव तथा गोपालपुर के बकुलहर व घोघा चौक के बीच मैनाटांड़ निवासी चंदन पटेल से बाइक लूट के मामले का पर्दाफांश पुलिस ने कर लिया है। पुलिस अधीक्षक उपेन्द्र नाथ वर्मा ने बताया कि गोपालपुर में 9 फरवरी की रात तथा मझौलिया में दो फरवरी की रात अलग-अलग लूट की दो घटनाएं हुई थी। दोनों घटनाओं में लूटी गयी बाइक को बरामद कर चार अपराधियों को गिरफ्तार किया गया है। उनके पास से चार देशी पिस्तौल, एक गोली, तीन बाइक व दो मोबाइल बरामद हुए है। गिरफ्तार अपराधियों में मनुआपुल थाना के जोकहां निवासी अमित कुमार मिश्रा उर्फ बादल कुमार मिश्रा (20), शेख धुरवा का फैजान आलम (18) तथा दो नाबालिग बच्चे शामिल है। हथियार बरामदगी के मामले में कुमारबाग ओपी में एफआईआर दर्ज की गयी है। चारों को न्यायायिक अभिरक्षा में भेज दिया गया है। मामला यह है कि दो फरवरी की रात्रि 9:30 बजे संध्या नवलपुर के दुधियवा निवासी आरपीएफ जवान राजीव यादव बेतिया के एक बाइक एजेंसी से बाइक खरीद कर मोतिहारी जा रहे थे। नानोसती चौक के समीप तीन अपराधियों ने उन्हें रोक कर मारापीटा और उनकी बाइक लूट ली।
पुलिस अधीक्षक ने इस मामले में जांच के लिए एसडीपीओ मुकुल परिमल पांडेय के नेतृत्व में इंस्पेक्टर मुनीर आलम, अशोक कुमार, गोपालपुर थानाध्यक्ष राजरूप राय, कुमारबाग ओपी प्रभारी अनुज कुमार पांडेय, मनुआपुल ओपी प्रभारी मो. अलाउद्दीन, बानुछापर ओपी प्रभारी संजीव कुमार, तकनीकी शाखा प्रभारी राजीव कुमार रजक, अरविंद कुमार, प्रशिक्षु दारोगा अरविंद कुमार, राहुल सिंह व सर्वेश यादव की टीम का गठन किया। टीम मामले की जांच में जुटी थी। तभी 9 फरवरी की रात गोपालपुर के बकुलहर व घोघा चौक के समीप मैनाटांड़ के रमपुरवा निवासी चंदन पटेल को रोक कर उनकी बाइक अपराधियों ने लूट ली। चंदन बेतिया से शादी समारोह में शामिल होकर घर लौट रहे थे। पुलिस टीम ने तकनीकी साक्ष्यों के आधार पर इस गिरोह का उद्भेदन कर लिया।



