
BIHAR:- बेतिया मंडलकारा में मोबाइल जब्ती को लेकर बवाल
बेतिया- 18 जनवरी। बेतिया मंडलकारा में मोबाइल बरामदगी के बाद पांच बंदियों को उच्च सुरक्षा कक्ष में स्थानांतरित करने के दौरान स्थिति तनावपूर्ण हो गयी। बंदियों के एक गुट ने दूसरे बंदियों को भड़का कर माहौल खराब कर दिया। मंडलकारा प्रशासन ने हल्का बल प्रयोग कर मामले को शांत कराया। पुलिस अधीक्षक उपेन्द्र नाथ वर्मा ने आज बताया कि रविवार को यह घटना घटी है। इस मामले में जेल के लिपिक अमित कुमार सिंह की शिकायत पर 15 बंदियों के विरूद्ध नगर थाने में एफआईआर दर्ज हुई है। छानबीन कर दोषी पाए गए बंदियों को केस में रिमांड किया जाएगा। वहीं मोबाइल बरामदगी के मामले में एक अलग एफआईआर दर्ज की गयी है।
एफआईआर में उच्च वर्गीय लिपिक अमित कुमार सिंह ने बताया है कि 16 जनवरी को 9:25 बजे जेल में तैनात प्रशिक्षु सहायक अधीक्षक अभिषेक कुमार ने वार्ड नं. 19 में विचाराधीन बंदी परवतिया टोला निवासी विश्वनाथ यादव के पास मोबाइल देखा। उन्होंने विश्वनाथ से मोबाइल देने को कहा तो विश्वनाथ के साथ-साथ उतरवारी पोखरा के सचिन कुमार, चंदन कुमार, चुहड़ी के अजय शुक्ला, मंशा टोला के आजाद आलम ने सहायक अधीक्षक और कक्षपालों के साथ हाथापायी शुरू कर दी। किसी तरह विश्वनाथ यादव से मोबाइल बरामद किया गया। उसके बाद विश्वनाथ समेत पांचों को उच्च सुरक्षा कक्ष में ले जाया जाने लगा। तभी अभीजीत कुमार पांडेय (महावीरपुर पिपरा), मेराज आलम (पुरैना गोसाइ टोला), पप्पु पटेल (चरगाहा), बिट्टू कुमार (जगदीशपुर), भोली उर्फ रोहित (उतरवारी पोखरा), तबरेज आलम (बरवा चाप), मो. मासूम (कटहरी साठी), मंटन कुमार (गिद्दा), विकास मुखिया (सिसई लौरिया), मोहन साह उर्फ पप्पु साह, (जमुनिया) ने बंदियों को भड़का दिया उसके बाद जेल में बवाल मच गया। जेल प्रशासन ने पगली घंटी बाजार हल्का बल प्रयोग किया। तब जाकर स्थिति सामान्य हुई। इस कार्रवाई में कक्षपाल मो. शाहिद अख्तर व पिंटू कुमार चोटिल हो गए।



