
BIHAR:- बेगूसराय में संदिग्ध हालात में भाई-बहन की मौत
बेगूसराय- 17 फरवरी। बेगूसराय में गुरुवार को संदिग्ध हालत में दो बच्चे की मौत हो गई। घटना नावकोठी थाना क्षेत्र के पहसारा- वभनगामा की है। घटना के संबंध में बताया जा रहा है कि प्रवीण पंडित उर्फ खखरु पंडित बंगलुरु में रहकर मजदूरी करता है तथा उसकी पत्नी अहिल्या देवी अपने तीन बच्चों के साथ बखरी थाना क्षेत्र के तुलसीपुर में कब्जा किए गए सीलिंग जमीन पर घर बना कर रह रहा था। बुधवार की देर शाम प्रवीण पंडित का सात वर्षीय पुत्र आदित्य कुमार एवं पांच वर्षीय पुत्री कोमल कुमारी ने बगल के तीन अन्य बच्चों के साथ गांव के ही दुकान से फोफी (बच्चों के खाने वाला नमकीन) खरीद कर खाया था। खाने के कुछ देर बाद ही दोनों भाई-बहन की तबीयत खराब हो गई तथा उल्टी-दस्त शुरू हो गया। तबीयत खराब होते ही परिजनों ने ग्रामीण चिकित्सक से दोनों का इलाज कराया गया लेकिन सुधार नहीं होने पर उसे बखरी के एक अस्पताल में ले जाया गया। जहां इलाज के दौरान गुरुवार को अहले सुबह दोनों की मौत हो गई। एक साथ दो बच्चों की मौत से परिजनों में कोहराम मच गया है।

ग्रामीणों का कहना है कि प्रवीण पंडित को चार बच्चे हैं,जिसमें से एक पुत्र आशीष कुमार की भी करीब एक माह दिन पूर्व संदिग्ध हालत में इसी तरह मौत हो गई थी। उसका भी अब तक खुलासा नहीं हुआ है, इस बीच दो और बच्चों की संदिग्ध हालत में मौत हो गई। घटना को लेकर तरह-तरह की चर्चाएं चल रही है। फिलहाल पुलिस मामले की छानबीन में जुट गई है, दोनों बच्चे को शव को पोस्टमार्टम के लिए सदर अस्पताल बेगूसराय भेज दिया गया है। फोफी खरीदे गए दुकानदार से भी पूछताछ किया जा रहा है। थानाध्यक्ष राजीव रंजन ने बताया कि मामले की छानबीन की जा रही है पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद दोनों भाई-बहन की मौत के कारणों का खुलासा हो सकेगा।



