
BIHAR:- बेगूसराय में मोबाइल टावर के केयरटेकर को मारी गोली
बेगूसराय- 26 मई। बेगूसराय जिला में आपराधिक वारदात का सिलसिला काफी तेजी के साथ जारी है। बुधवार की रात बदमाशों ने बारात जा रहे मोबाइल टावर केयरटेकर को गोली मार दिया। घटना बखरी थाना क्षेत्र के मौजी हरिसिंह पंचायत स्थित शीतल रामपुर-इमादपुर पथ के समीप की है। घटना के संबंध में बताया जाता है कि जियो टावर का केयरटेकर वरियारपुर निवासी मो. अबु कलाम अपने पुत्र महबूब के साथ मोटरसाइकिल से शीतल रामपुर (गुदार) चौक से गुलाम रसूल की बेटी की शादी समारोह में शिरकत करने प्राणपुर जा रहा था। इसी दौरान वरियारपुर के पास पूर्व से घात लगाए पांच अपराधियों ने मोटरसाइकिल रोककर गोली मार दी। जिसमें अबु कलाम को गोली लग गई तथा महबूब ने मोटरसाइकिल गिरने के बाद छुपकर अपनी जान बचा ली। गोली की आवाज सुनकर दौड़े स्थानीय लोगों को देखकर अपराधी हथियार लहराते हुए फरार हो गया। आनन-फानन में स्थानीय ग्रामीणों ने एयरटेल टावर की केयरटेकर राहुल सिंह के सहयोग से दोनों को उठाकर बखरी पीएचसी में भर्ती कराया। जहां इलाज चल रहा है तथा दोनों खतरे से बाहर हैं। मामले की सूचना मिलते ही पुलिस मामले की छानबीन में जुट गई है, वहीं ग्रामीणों में भय और आक्रोश का माहौल है।



