
BIHAR:- बेगूसराय में बनेगा छह और पीएसएस
बेगूसराय-26 नवंबर। बिहार में सीएम नीतीश कुमार के नेतृत्व में एनडीए की सरकार बनने के बाद सभी क्षेत्रों के साथ-साथ बिजली के क्षेत्र में भी परिवर्तन हुआ है। पहले जहां बिजली आने पर खुशी से लोग चर्चा करते थे कि बिजली आ गई,वहीं अब बिजली का कटना चर्चा का विषय बन जाता है। बेगूसराय समेत पूरे बिहार में 20 से 22 घंटे तक बिजली मिल रही। सरकार बिजली का तार जर्जर तार और पोल बदलने के साथ ही नया पावर सप्लाई सब स्टेशन भी बड़े पैमाने पर बनवा रही है। इसी कड़ी में बेगूसराय जिला में छह और पावर सब स्टेशन की स्वीकृति मिली है। जिले में एक साथ छह पावर स्टेशन सब स्टेशन की स्वीकृति मिलने से लोगों में खुशी है।
केंद्रीय ग्रामीण विकास और पंचायती राज मंत्री-सह-बेगूसराय के सांसद गिरिराज सिंह ने भी इस पर खुशी जताते हुए बिहार सरकार एवं केंद्र सरकार का आभार जताया है। गिरिराज सिंह ने बताया कि कहा है कि निर्बाध बिजली उपलब्ध कराने के लिए केंद्र सरकार और बिहार सरकार को धन्यवाद। सरकार ने बेगूसराय में छह नए पावर सब स्टेशन की स्वीकृति दी है। यह पावर सब स्टेशन न्यू इंडस्ट्रियल एरिया बरौनी, बरौनी प्रखंड के सिमरिया घाट, बेगूसराय सदर प्रखंड के नीमा चांदपुरा, गढ़पुरा प्रखंड के सुजानपुर राहुल नगर, साहेबपुर कमाल प्रखंड के पचवीर तथा बेगूसराय सदर प्रखंड के रचियाही में बनेगा। सभी प्रस्तावित पावर सब स्टेशन के लिए 33 केवी ग्रिड से जोड़ने का खाका तैयार कर लिया गया है। बेगूसराय में औद्योगिक गतिविधियों को बढ़ाने के लिए छह नए पीएसएस को मंजूरी मिली है। इससे ना सिर्फ औद्योगिक गतिविधियों में तेजी आएगी, बल्कि दूरदराज के इलाकों में बिजली व्यवस्था भी मजबूत होगी।



