
BIHAR:- बेगूसराय में बड़ी मात्रा में हथियार के साथ तीन तस्कर गिरफ्तार
बेगूसराय- 19 फरवरी। बेगूसराय पुलिस ने हथियार तस्करी के एक बड़े गिरोह का पर्दाफाश किया है। इस मामले में पुलिस ने तीन कुख्यात तस्कर को बड़ी संख्या में हथियार और गोली के साथ गिरफ्तार किया है। यह जानकारी एसपी योगेन्द्र कुमार ने शनिवार को अपने कार्यालय कक्ष में आयोजित प्रेस वार्ता में दी।
एसपी ने बताया कि मटिहानी थाना क्षेत्र के दियारा इलाके रामदीरी में लंबे समय से हथियार तस्करी की सूचना मिली थी। सूचना सत्यापन के बाद दो पुलिस कर्मियों को ग्राहक बनाकर भेजा गया। दोनों पुलिसकर्मियों ने अपनी जान की परवाह नहीं कर तस्करों से सारी जानकारी जुटाई। इसके बाद सदर डीएसपी अमित कुमार के नेतृत्व में टीम ने रामदीरी रामनगर में रमाकांत सिंह के घर को घेर कर छापेमारी कर दिया। जिसमें रामदीरी निवासी बाल योगी सिंह,अभिषेक सिंह और रौनक सिंह को गिरफ्तार किया गया। इस दौरान एक राइफल,तीन पिस्टल,पिस्टल का सात मैगजीन, तीन बड़ा साइज का देसी कट्टा, आठ देसी कट्टा, बगैर बैरल का एक बंदूक, 68 गोली तथा चार मोबाइल बरामद किया गया है।

एसपी ने बताया कि यह लोग दो साल से भी अधिक समय से हथियार की खरीद-बिक्री करते थे। आसपास के जिलों से खरीद कर लाया गया हथियार घर के अलावा खेत में भी मिट्टी के नीचे छुपा कर रखते थे। तीनों युवक के पास से बरामद चारों मोबाइल की जांच एवं पूछताछ में कई अहम जानकारी मिली है। हथियार के खरीदारों और बैंक ट्रांजैक्शन का भी पता चला है,इन लोगों के पास बड़े पैमाने पर संपत्ति है, उसकी भी जांच कर आर्थिक रुप से कमर तोड़ा जाएगा। इनके नेटवर्क को भ्रष्ट करने के लिए बिहार के सभी जिलों में छानबीन की जा रही है। पूछताछ में मिली जानकारी के आधार पर विशेष टीम लगातार छापेमारी कर रही है।
इस टीम को लीड करने वाले सदर डीएसपी अमित कुमार को प्रशस्ति पत्र तथा मटिहानी थानाध्यक्ष विवेक भारती को प्रशस्ति पत्र एवं पांच हजार नगद के अलावे टीम में शामिल सभी कर्मियों को सम्मानित किया गया है तथा वरीय अधिकारी से भी सम्मानित करने की अनुशंसा की गई है। प्रेस वार्ता में सदर डीएसपी एवं मटिहानी थानाध्यक्ष भी उपस्थित थे।



