
BIHAR:- बेगूसराय में प्रतिमा विसर्जन के बाद सेना भर्ती का प्रशिक्षण ले रहे छात्र की गोली मारकर हत्या
बेगूसराय-07 फरवरी। जिले के सीमावर्ती विभूतिपुर थाना क्षेत्र के नरहन में बूढ़ी गंडक नदी से सरस्वती प्रतिमा विसर्जन कर लौट रहे एक छात्र को अपराधियों ने गोली मार दी। गंभीर रूप से घायल छात्र को इलाज के लिए बेगूसराय के एक निजी नर्सिंग होम में भर्ती कराया गया, जहां इलाज के दौरान उसकी मौत हो गई।
मृतक की पहचान बेगूसराय जिला के नावकोठी निवासी मनोज सिंह के पुत्र परीक्षित कुमार के रूप में किया गया है। घटना से आक्रोशित लोगों ने गोली मारने वाले दो अपराधियों को खदेड़ कर पकड़ पुलिस के हवाले कर दिया। पकड़े गए अपराधी की पहचान बेगूसराय जिला के मटिहानी थाना क्षेत्र स्थित सिहमा निवासी नित्यानंद सिंह के पुत्र रत्नेश कुमार उर्फ गोलू एवं नावकोठी थाना क्षेत्र के पहसारा निवासी संजय कुमार सिंह के पुत्र भोला कुमार के रूप में किया गया है।
अपराधियों के पास से दो पिस्टल, करीब दो दर्जन गोली समेत अन्य सामान बरामद किया गया है। घटना के संबंध में बताया जा रहा है कि परीक्षित कुमार विभूतिपुर थाना क्षेत्र के खोकसाहा चौक के नजदीक कमांडो भर्ती ट्रेनिंग सेंटर में रहकर सेना भर्ती की तैयारी कर रहा था। ट्रेनिंग सेंटर में सरस्वती पूजा के बाद सोमवार को सभी छात्र प्रतिमा विसर्जन के लिए नरहन स्थित बूढ़ी गंडक नदी गए। प्रतिमा विसर्जन के बाद जैसे ही सभी लौटने के लिए बांध पर पहुंचे। तभी पहले से बूढ़ी गंडक नदी के पुल पर बाइक लगाकर घात लगाए अपराधियों ने परीक्षित पर ताबड़तोड़ गोली चला दी। जिसमें दो गोली परीक्षित को लग गई, गंभीर रूप से घायल युवक को स्थानीय स्तर पर इलाज के बाद बेहतर इलाज के लिए रेफर कर दिया गया, लेकिन इलाज के दौरान उसकी मौत हो गई।
इधर घटना से आक्रोशित ट्रेनिंग सेंटर के छात्रों ने खदेड़ कर गोली मारने वाले दोनों अपराधियों को पकड़ लिया तथा जमकर पिटाई करने के बाद पुलिस के हवाले करते हुए उसके बाइक में आग लगा दी। इस संबंध में विभूतिपुर थानाध्यक्ष चंद्रकांत गौरी ने बताया कि गिरफ्तार अपराधियों से पूछताछ की जा रही है। गोली मारने के कारणों का पता लगाया जा रहा है।



