
BIHAR:- बेगूसराय के बगीचे में पेड़ से लटकी मिली बर्तन कारोबारी की लाश
बेगूसराय- 15 जनवरी। पुलिस ने मंगलवार को संदिग्ध हालत में पेड़ से लटके एक बर्तन व्यवसायी का शव बरामद किया है। घटना तेघड़ा थाना क्षेत्र की है, मृतक की पहचान तेघड़ा नगर के वार्ड नंबर-14 भागीरथी रोड निवासी सागर साह के रूप में की गई है।
घटना के संबंध में बताया जा रहा है कि मंगलवार को बहियार की ओर गए लोगों ने एनएच-28 के तेघड़ा ओवरब्रिज समीप स्थित टाइल्स फैक्ट्री के पीछे (मरसैंती गांव के पास) बगीचे में एक शव लटका देखा। बगीचे में शव मिलने का हल्ला होते ही लोगों की भीड़ जुट गई। सूचना मिलते ही पहुंची पुलिस, परिजन और ग्रामीणों ने पेड़ से रस्सी के सहारे लटके शव की पहचान भागीरथ साह के रूप में किया। बताया जा रहा है कि भागीरथ साह विभिन्न गांवों में घूम-घूमकर साइकिल से बर्तन बेचने का धंधा करता था।
मृतक के पुत्र ने बताया कि सागर साह प्रत्येक दिन सुबह में चाय पीने के लिए बाजार जाते थे। मंगलवार की सुबह भी चाय पीने के लिए सुबह करीब पांच बजे घर से निकले, लेकिन काफी देर तक वापस नहीं लौटे। घर वापस लौटने में देर होने पर परिजन तलाश कर रहे थे, इसी दौरान शव पाए जाने की सूचना मिली। शव की हालत देखकर आशंका जताई जा रही है कि बदमाशों ने हत्या करने के बाद सागर साह के साइकिल में बर्तन बांधने के लिए रखे गए रस्सी से ही शव को आम के पेड़ में लटका दिया। घटना के बाद दहशत का माहौल है, शव के पास से सागर साह का साइकिल बरामद किया गया है। परिजन पड़ोसी से चल रहे विवाद में हत्या होने की आशंका जता रहे हैं। तेघड़ा थानाध्यक्ष संजय कुमार ने बताया कि तमाम पहलुओं पर जांच पड़ताल करते हुए बदमाशों की पहचान और गिरफ्तारी के लिए छानबीन किया जा रहा है।



