
BIHAR:- बजट सत्र से पहले बिहार विधानसभा को सीसीटीवी से लैस करने की तैयारी
पटना- 22 फरवरी। बिहार विधानसभा परिसर में बड़े स्तर पर सीसीटीवी लगाने की तैयारी हो रही है। दरअसल, बिहार विधानमंडल का बजट सत्र 25 फरवरी से शुरू हो रहा है, जो 31 मार्च तक चलेगा। बिहार विधानसभा की सुरक्षा को लेकर बिहार विधानसभा के अध्यक्ष विजय कुमार सिन्हा ने प्रशासनिक और पुलिस अधिकारियों को निर्देश भी दिये हैं।
बताया गया है कि पूरे बिहार विधानसभा के अंदर बाहर पांच सौ से ज्यादा सीसीटीवी लगाए जायेंगे। अध्यक्ष ने इसके लिए प्रशासन के साथ बैठक कर काम को जल्द से जल्द पूरा करने को कहा है। इसके बाद अधिकारियों ने बिहार विधानसभा का दौरा कर सीसीटीवी लगाए जाने वाले जगहों को चिन्हित कर लिया है।
उल्लेखनीय है कि इस बार बिहार विधानसभा सत्र के दौरान सुरक्षा कड़ी होगी। विधानमंडल के पिछले सत्र में परिसर में शराब की खाली बोतलें मिली थी। इसके बाद नेता प्रतिपक्ष तेजस्वी यादव ने नीतीश सरकार पर बड़ा हमला बोला था। सदन में भी इस मुद्दे पर काफी हंगामा हुआ था। सीएम नीतीश के तल्ख तेवर के बाद डीजीपी और मुख्य सचिव भागे-भागे विस परिसर पहुंचे थे और जांच की थी। हालांकि, आज तक पुलिस शराब की बोतल फेंकने वालों की पहचान नहीं कर सकी है।



