
BIHAR:- पेट्रोल पंप कर्मियों से मारपीट कर अपराधियों ने लूटे 3 लाख 82 हजार
भागलपुर-18 दिसंबर। जिले के जगदीशपुर थाना क्षेत्र के भागलपुर दुमका मुख्य मार्ग पर भवानीपुर के निकट स्थित पेट्रोल पंप मां शक्ति फ्यूल सेंटर के कर्मियों से मारपीट कर अपराधियों ने 3 लाख 82 हजार 200 रुपये लूट लिया। घटना शुक्रवार देर रात्रि की बतायी जा रही है। पेट्रोल पंप पर कार्यरत कर्मियों के अनुसार शुक्रवार रात्रि करीब 12 बजे 6 की संख्या में लुटेरे आए। उस दौरान दोनों कर्मचारी मोबाइल देख रहे थे। तभी पीछे की तरफ से आए दो लुटेरों ने हम दोनों से मोबाइल छीन लिया। दो लुटेरे सड़क के तरफ से आकर वहीं रुका रहा। जब इस घटना का हम दोनों ने विरोध किया तो उनके दो अन्य साथी भी पीछे के तरफ आए और हमारे सर पर हथियार सटा दिया। इसके बाद हम दोनों के पॉकेट से बिक्री के पैसे निकाल लिए साथ ही पॉकेट में रखा कैश काउंटर का चाबी भी ले लिया।
पेट्रोल पंप कर्मियों के अनुसार एक कर्मी साजन कुमार के पास सेल का 15700 थे, तथा दूसरे कर्मी राहुल कुमार के पास 6500 रुपए थे जो लुटेरों ने लूट लिया तथा हम दोनों को पीछे के कमरे में ले जाकर बंद कर दिया। इसके बाद काउंटर का ताला खोलकर उसमें रखा दिन भर का सेल 3 लाख 60 हजार रुपया भी ले लिया। घटना के करीब 1 घंटे बाद जब एक ट्रक वाला तेल लेने आया तब हम लोगों ने चिल्ला कर उन्हें बुलाया और ट्रक वाले ने हम दोनों को रूम से निकाला। ट्रक वाले के मोबाइल से मैनेजर को फोन कर इसकी सूचना दिया। साथ ही दोनों कर्मियों ने बताया कि मैनेजर के सूचना पर स्थानीय प्रशासन आया और हम दोनों को उठा कर थाना ले गया। जगदीशपुर पुलिस मामले को लेकर छानबीन में जुटी है। थाना अध्यक्ष संजय चौहान ने बताया कि मामला संदिग्ध लग रहा है जांच पड़ताल की जा रही है।



