
BIHAR:-पश्चिम चंपारण मे नवविवाहिता की गला दबाकर हत्या
बेतिया- 27 दिसंबर। शहर के कालीबाग राजेंद्रनगर मोहल्ले में रविवार की देर रात ससुराल वालों ने 50 हजार दहेज की खातिर विवाहिता की गला दबाकर हत्या कर दी। घटना के बाद शव को घर में छोड़कर परिजन फरार हो गए। पड़ोसियों की सूचना पर पहुंचे मायके वालों ने कालीबाग ओपी पुलिस को घटना की जानकारी दी। कालीबाग पुलिस मृतका की शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम करा मायके वालों को सौंप दिया है । जीएमसीएच में मौजूद मृतका जिउती देवी (22) के बहनोई पुरुषोत्तमपुर थाना के मजर्दवा निवासी सुनील कुमार चौधरी ने बताया कि उनकी साली जिउती देवी की शादी शहर के राजेंद्रनगर मोहल्ला निवासी हरेंद्र महतो के पुत्र आनंद महतो से वर्ष 2018 में हुई थी।
शादी के बाद कुछ दिनों तक ससुराल वालों का व्यवहार ठीक था। उसके बाद से उनके व्यवहार में परिवर्तन आ गया। 50 हजार दहेज की मांगकर ससुराल वाले जिउती को शारीरिक व मानसिक रुप से प्रताडित करने लगे। इसी बीच पति, ससुर व ससुराल के अन्य सदस्यों ने रविवार की देर शाम गला दबाकर उसकी हत्या कर दी। कालीबाग ओपी प्रभारी रणधीर भट्ट ने बताया कि विवाहिता की हत्या गला दबाकर की गई है। उसके गले पर निशान है। मायके वालों ने अभी तक कोई आवेदन नहीं दिया है। आवेदन मिलने के बाद एफआईआर दर्ज कर कार्रवाई की जायेगी। फरारी की स्थिति में आरोपियों की चल-अचल संपत्ति जब्त की जायेगी।
ननद की शादी में दहेज के लिए मांग रहे थे ससुराल वाले मृतका जिउती के बहनोई सुनील कुमार चाैधरी ने बताया कि मृतका की ननद की शादी तय हुुई है। हाल के दिनों में ससुराल वाले उसकी शादी में दहेज की खातिर 50 हजार रुपये की मांग कर रहे थे। जिउती ने इसकी सूचना अपने मायके वालों को दी थी। मृतका के 10 हजार रुपया दिया। गरीबी का हवाला देकर शेष राशि देने में असमर्थता जताया। इसको लेकर जिउती को पति सहित अन्य ससुराल वाले शारीरिक व मानसिक रुप से प्रताडित करने लगे। इसी बीच सभी ने गला दबाकर हत्या कर दी।



