
BIHAR: नेता प्रतिपक्ष तेजस्वी यादव ने टाली बेरोजगारी हटाओ यात्रा
पटना- 05 जनवरी। राज्य में बढ़ते कोरोना संक्रमण के मामलों को देखते हुए नेता प्रतिपक्ष तेजस्वी यादव ने बेरोजगारी हटाओ यात्रा फिलाल टाल दी है। तेजस्वी यादव 15 जनवरी के बाद बेरोजगारी हटाओ यात्रा पर निकलने वाले थे। राजद के अनुसार अब यह यात्रा फरवरी के आखिरी सप्ताह या फरवरी के बाद हो सकती है। अब आने वाले समय में तेजस्वी यादव ही तय करेंगे कि इस यात्रा की शुरुआत कब की जाएगी। उल्लेखनीय है कि तेजस्वी यादव हाजीपुर, गया, औरंगाबाद के साथ राज्य के सभी जिलों में जाने के बाद पटना में एक बेरोजगारी रैली भी करने वाले थे।
उधर, मुख्यमंत्री नीतीश कुमार ने भी कोरोना संक्रमण के बढ़ते मामलों को देखते हुए समाज सुधार यात्रा को फिलहाल रद्द कर दिया है। वहीं, तेजस्वी की इस बेरोजगारी यात्रा को लेकर अभी से ही सियासत तेज हो गई है। राजद ने 19 लाख रोजगार के वादे को लेकर सरकार से सवाल पूछने की तैयारी की है। वहीं, एनडीए नेता तेजस्वी को उनकी पूर्व की यात्राओं की याद दिला रहे हैं।
बिहार में चाहे अमीनों की बहाली का मामला हो चाहे बेल्ट्रॉन कर्मियों का मामला हो चाहे वार्ड सचिव की बहाली का मामला हो या प्राथमिक से लेकर माध्यमिक शिक्षकों की बहाली, हर मामले में युवाओं की फौज राजधानी पटना में कभी मंत्री तो कभी विभिन्न पार्टियों के दफ्तर के चक्कर लगा रही है। इसके बावजूद कहीं से भी उन्हें नौकरी का आश्वासन नहीं मिल रहा है। हाल के दिनों में जब से तेजस्वी यादव ने बेरोजगारी हटाओ यात्रा की घोषणा की तब से कुछ मामलों को लेकर सरकार ने तेजी जरूर दिखाई है। खासतौर पर बिहार कर्मचारी चयन आयोग की इंटर स्तरीय बहाली परीक्षा और प्राथमिक शिक्षकों की बहाली का मामला अटका हुआ है। यही वजह है कि विपक्ष सरकार के तमाम दावों पर सवाल खड़े कर रहा है।



