
BIHAR:- निगरानी ब्यूरो का जेल अधीक्षक के घर छापेमारी
गया- 24 दिसंबर। निगरानी ब्यूरो की टीम ने शुक्रवार को गया के मुफस्सिल थाना क्षेत्र अंतर्गत सिद्धार्थपुरी कॉलोनी स्थित रामाधार सिंह के पैतृक घर पर छापामारी की है। अपर महानिदेशक, निगरानी ब्यूरो सुनील कुमार झा ने पूछे जाने पर बताया कि छपरा जेल के अधीक्षक रामाधार सिंह के खिलाफ आय से अधिक संपत्ति अर्जित करने के मामले में काफी शिकायतें मिली थी। उन्होंने कहा कि आरोप की सत्यता की जांच कराई गई। फिर रामाधार सिंह के खिलाफ निगरानी ब्यूरो के थाना में आय से अधिक 1.22 करोड़ रुपये को लेकर प्राथमिकी दर्ज की गई।
एडीजी, निगरानी ब्यूरो सुनील कुमार झा ने आगे कहा कि गया,पटना और छपरा में स्थित जेल अधीक्षक रामाधार सिंह के ठिकानों पर शुक्रवार को निगरानी ब्यूरो की टीम ने छापामारी की।अपर महानिदेशक, निगरानी ब्यूरो सुनील कुमार झा ने बताया कि प्रारंभिक सर्च अभियान में पांच लाख रुपया नकद,दस लाख की ज्वेलरी और करोड़ों रुपये मूल्य के संपत्ति की डीड ब्यूरो टीम को हाथ लगी है।उन्होंने कहा कि देर शाम तक निगरानी ब्यूरो की कार्रवाई को लेकर अधिकृत रूप से कुछ कहा जा सकता है।


