
BIHAR:- दरभंगा में आपसी वर्चस्व को लेकर मारपीट व फायरिंग, 10 घायल
दरभंगा- 05 सितम्बर। दरभंगा जिले के बहादुरपुर थाना क्षेत्र के अम्माडीह गांव में सोमवार की अहले सुबह वर्चस्व के विवाद में एक पक्ष के लोगों ने दूसरे पक्ष के लोगों के साथ मारपीट की और उन पर फायरिंग भी कर दी। गोली लगने और मारपीट में दस लोग घायल हुए हैं। छह घायलों को डीएमसीएच में भर्ती कराया गया है। घायलों से मिलने पहुंचे सदर डीएसपी कृष्णानंद ने कहा कि घायल के फर्द बयान के आधार पर कानूनी कार्रवाई की जाएगी।
अस्पताल में धनपत सहनी ने बताया कि रविवार की शाम शराब बनाने के विरोध करने पर मारपीट हुई और 8 से 10 राउंड फायरिंग हुई। इसकी सूचना थाना को दी गई लेकिन पुलिस मौके पर नहीं पहुंची। इससे उत्साहित होकर दबंग लोगों ने सोमवार अहले सुबह फिर से मारपीट व फायरिंग कर दी। मारपीट और फायरिंग में 5 से 6 लोगों को गोली लगी है और 10-12 अन्य लोग घायल हुए हैं। उन्होंने बताया कि इस घटना से सात वर्ष पूर्व इन लोगों ने मेरे भाई पाला सहनी की हत्या कर दी थी। जिसका केस अभी भी चल रहा है। सहनी का आरोप है कि हमला करने में रामकृपाल सहनी, बैजू साहनी, बैजनाथ साहनी सहित 30 से 35 लोग शामिल थे।
मौके पर पहुंचे डीएसपी कृष्णानंद ने बताया कि बहादुरपुर थाना क्षेत्र के अम्माडीह में आपसी विवाद को लेकर दो पक्षों में मारपीट हुई है, जिसमें दोनों पक्ष के लोग घायल हुए हैं। पुलिस इनके बयान के बाद कार्रवाई करेगी। गांव में शांति व्यवस्था कायम रखने के लिए पुलिस कैम्प कर रही है। उन्होंने बताया कि तीन लोगों को गोली लगी है। उन लोगों का इलाज चल रहा है। पुलिस के विलंब से पहुंचने के सवाल पर डीएसपी ने कहा कि अगर इस में लापरवाही बरती गई है तो पदाधिकारियों के खिलाफ कार्रवाई की जाएगी।



