
BIHAR:- गया में युवक की हत्या, पुलिस पर पथराव,लाठीचार्ज
गया- 12 जनवरी। गया जिला अंतर्गत मुफस्सिल थाना क्षेत्र में बाल कटवाने गए युवक को बुधवार को नाई की दुकान से अगवा कर मारपीट कर बेरहमी से हत्या कर दी गई । उसकी पहचान मुफस्सिल थाना अंतर्गत कुम्हरटोली निवासी अखिलेश चौधरी के बेटे प्रिंस कुमार उर्फ गोरका (15) के रूप में हुई है।
प्राप्त जानकारी के मुताबिक अपराधियों के एक गिरोह द्वारा बुधवार को थानाक्षेत्र में मानपुर- खिजरसराय मार्ग से युवक को अगवा कर मारपीट कर गम्भीर हालत में बुनियादगंज थाना क्षेत्र के पेहानी वारिस नगर के सामने फल्गु नदी में फेंक दिया गया। घटना की सूचना पर पहुंची स्थानीय पुलिस द्वारा गम्भीर हालत में घायल युवक को जेपीएन अस्पताल ले जाया गया जहां इलाज के दौरान घायल की मौत हो गयी। पुलिस ने पोस्टमार्टम के बाद शव परिजनों को सौंप दिया।
युवक की मौत की सूचना मिलते ही स्थानीय लोग भड़क उठे और शव के साथ मानपुर-खिजरसराय मार्ग पर जाम लगा दिया। सड़क पर जाम की सूचना पर पहुंची स्थानीय पुलिस को आक्रोश का सामना करना पड़ा। भीड़ में शामिल उपद्रवियों ने पत्थरबाजी की, जिसमें एएसआई अखिलेश बैठा आंशिक रूप से घायल हो गये। आक्रोशित भीड़ को नियंत्रित करने के लिये पुलिस ने लाठीचार्ज किया।



