
BIHAR:- एनआईए ने दरभंगा पार्सल ब्लास्ट मामले में पांच के खिलाफ चार्जशीट दाखिल की
पटना-23 दिसंबर। दरभंगा पार्सल बम ब्लास्ट मामले में राष्ट्रीय जांच एजेंसी (एनआईए) ने गुरुवार को पांच आरोपितों के खिलाफ पटना की एनआईए कोर्ट में चार्जशीट दाखिल कर दी है। विशेष न्यायाधीश गुरुविंदर सिंह मल्होत्रा की कोर्ट में जिन आरोपितों के खिलाफ चार्जशीट दाखिल की गई है, उनमें इमरान मलिक, काफिल अहमद, हाजी सलीम, इकबाल मोहम्मद व इलियास शामिल हैं। यह पांचों आरोपित अभी कड़ी सुरक्षा में बेऊर जेल में बंद हैं।
उल्लेखनीय है कि बीते 17 जून को दरभंगा रेलवे स्टेशन के पार्सल में बम ब्लास्ट हुआ था। हालांकि, विस्फोट में कोई घायल नहीं हुआ था। पार्सल में विस्फोटक लिक्विड रूप में था, जिसे बोतल में भरा गया था। बोतल को कपड़ों से लपेटा गया था और कपड़ों की खेप के रूप में बुक किया गया था। इसे मोहम्मद सूफियान के नाम पर बुक किया गया था। पार्सल में विस्फोटक से भरा बोतल दरभंगा रेलवे स्टेशन पर ब्लास्ट कर गया।
इसकी जांच के दौरान बिहार पुलिस के आतंक निरोधी दस्ता ने खुलासा किया था कि विस्फोटक को सिकंदराबाद रेलवे स्टेशन पर बुक किया गया था। तेलंगाना-बिहार पुलिस और एनआईए ने संयुक्त कार्रवाई करते हुए दो सगे भाइयों नासिर और इमरान मलिक को गिरफ्तार किया था। इन आरोपितों की निशानदेही पर एनआईए ने उप्र के शामली से काफिल अहमद और हाजी सलीम को भी गिरफ्तार कर लिया था।


