
BIHAR:- अलग-अलग सड़क दुर्घटनाओं में 7 की मौत
पटना- 08 फरवरी। बिहार में अलग-अलग दुर्घटना में बीते 15 घंटे के दौरान सात लोगों की मौत हो गई। पहली घटना पटना जिले के मोकामा की है जहां आज सुबह एक अनियंत्रित कार ने छह लोगों को कुचल दिया, जिसमें में तीन की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि तीन को गंभीर स्थिति में बेगूसराय के निजी अस्पताल में भर्ती कराया गया।
पुलिस के मुताबिक मृतकों में मरांची थाना क्षेत्र के बादपुर गांव के प्रभांसु सिंह के पुत्र कन्हैया कुमार, शेरपुर गांव के उमेश शर्मा की बेटी क्रांति देवी और इंग्लिश गांव के मिश्री तांती का बेटा बालमुकुंद है। हादसा उस वक्त हुआ जब नींद आने के चलते ड्राइवर ने कार पर अपना नियंत्रण खो दिया। इसके बाद सड़क किनारे खड़े लोगों पर कार चढ़ गई। लखीसराय की ओर से आ रही कार ने सड़क किनारे सामान खरीद रहे इन लोगों को रौंद दिया। दूसरी घटना सीवान जिले में दोपहर शाम घटी, जहां मैरवा-सिवान मुख्य पथ पर एक अनियंत्रित बस ने पांच लोगों को कुचल दिया, जिसमें दो लोगों की मौत मौके पर ही हो गयी। तीन लोग इस घटना में जख्मी हुए हैं।
औरंगाबाद में कबाड़ में विस्फोट, दो की मौत—
औरंगाबाद शहर के टिकरी मुहल्ला अलीनगर में जीएम प्लास्टिक नामक कबाड़ी की दुकान में विस्फोट होने से दो मजदूरों की मौत हो गयी,जबकि एक मजदूर गंभीर रूप से जख्मी हो गया।



