
BIHAR:- अपराध नियंत्रण में लापरवाही बर्दाश्त नही की जाएगी: CM नीतीश
पटना- 14 मार्च। सीएम नीतीश कुमार ने सोमवार की देर शाम अपराध नियंत्रण एवं विधि व्यवस्था से संबंधित उच्चस्तरीय समीक्षा बैठक की। समीक्षा के दौरान मुख्यमंत्री ने निर्देश देते हुए कहा कि अपराध नियंत्रण को लेकर किसी प्रकार की लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जायेगी। उन्होंने कहा कि इंवेस्टीगेशन के कार्य को बेहतर तरीके से स-समय पूर्ण कराया जाए ताकि अपराधियों को सख्त सजा दिलायी जा सके। अपराध अनुसंधान कार्य में किसी प्रकार की कोताही न हो, इसका सतत अनुश्रवण करें।
उन्होंने कहा कि अपराध का विश्लेषण जिला, अनुमंडल एवं थानावार करते रहें और दोषियों को चिन्हित कर कड़ी कार्रवाई करें। उन्होंने कहा कि विधि-व्यवस्था हर हाल में मेंटेन रहे।
मुख्यमंत्री ने कहा कि होली एवं आगामी पर्व-त्योहारों को देखते हुए विशेष सतर्कता बरतें, असामाजिक तत्वों पर कड़ी नजर रखी जाय तथा गड़बड़ करने वालों पर सख्त कार्रवाई सुनिश्चित जाय।
बैठक में मुख्यमंत्री के प्रधान सचिव दीपक कुमार, मुख्य सचिव आमिर सुबहानी, पुलिस महानिदेशक एसके सिंघल, अपर मुख्य सचिव सामान्य प्रशासन सह गृह चैतन्य प्रसाद, मुख्यमंत्री के सचिव अनुपम कुमार उपस्थित रहे।



