
BIHAR:- अधिशासी अभियंता के 2 ठिकानों पर विजिलेंस की छापेमारी
पटना- 18 फरवरी। आय से अधिक संपत्ति के मामले में कार्रवाई करते हुए स्पेशल विजिलेंस यूनिट ने एक्जीक्यूटिव इंजीनियर अरुण कुमार सिंह के दो ठिकानों पर शुक्रवार सुबह एक साथ छापेमारी की। छापेमारी इंजीनियर के राजगीर और देवघर स्थित पैतृक आवास पर चल रही है। शुरुआती जांच में उनके पास बड़ी संपत्ति होने की बात कही जा रही है।
निगरानी के स्पेशल विजिलेंस यूनिट के एडीजी नैयर हसनैन खान के अनुसार अरुण कुमार सिंह के राजगीर और उनके देवघर स्थित पैतृक आवास पर छापेमारी के दौरान भारी तादाद में आभूषण और कई संपत्तियों के डॉक्यूमेंट मिले हैं। फिलहाल छापेमारी जारी है। पुलिस बिल्डिंग कॉरपोरेशन राजगीर में तैनात अरुण कुमार सिंह के खिलाफ भ्रष्टाचार की कई शिकायतें मिल रही थी। इसके बाद स्पेशल विजिलेंस यूनिट ने केस दर्ज किया और आज एक साथ दोनों ठिकानों पर छापेमारी की गई है।
उल्लेखनीय है कि राजगीर में पुलिस भवन निर्माण निगम में कार्यकारी अभियंता अरुण कुमार सिंह के ख़िलाफ 17 फरवरी को आय से अधिक संपत्ति रखने का मामला दर्ज किया गया था। इसके बाद विशेष न्यायाधीश सतर्कता, पटना के न्यायालय की ओर से जारी तलाशी वारंट के आधार पर उनके दोनों जगह की आवासों पर एक साथ तलाशी की गई। इसके तहत उनके आवासों पर एक साथ तलाशी की जा रही है।



