
BIHAR:- अगले 3 दिनों तक गर्मी से मिलेगी निजात, मधुबनी-दरभंगा सहित 18 जिलों में यलो अर्लट
पटना- 06 मई। पटना सहित राज्य के विभिन्न जिलों में तीन चार दिनों से मौसम में आये बदलाव से लोगों को राहत मिली है। बीते कल यानी गुरुवार को सुबह में ही मौसम ने अचानक करवट ले ली थी और काले बादल छाये रहने के कारण मौसम रात होने जैसा हो गया था। इसके बाद राज्य के उत्तरी और दक्षिणी हिस्से में बारिश भी हुई। इससे पुरवा के प्रवाह के कारण मौसम भी सुहाना बना रहा। शुक्रवार को सुबह से ही तेज धूप है लेकिन अत्यधिक गर्मी से राहत है ।
मौसम विज्ञान केंद्र की माने तो राज्य में अगले 24 घंटों के दौरान राज्य के 18 जिलों में मेघ गर्जन के साथ हल्की बारिश का पूर्वानुमान है। इसके साथ ही अगले 48-72 घंटों के दौरान राज्य के उत्तरी भागों में गरज के साथ बारिश हो सकती है।
पटना स्थित मौसम विज्ञान केंद्र के निदेशक विवेक सिन्हा के अनुसार बंगाल की खाड़ी से नमी युक्त पुरवा हवा का प्रवाह पूरे राज्य में होगा जिसके प्रभाव से तापमान में अगले तीन दिनों तक कोई विशेष वृद्धि नहीं होगी। अगले सप्ताह तक राज्य में मौसम की स्थिति ऐसी बनी रहेगी।
24 घंटों के दौरान उत्तर मध्य जिले के सीतामढ़ी, मधुबनी, मुजफ्फरपुर, दरभंगा, वैशाली, शिवहर, समस्तीपुर और उत्तर पूर्व जिले के सुपौल, अररिया, किशनगंज, मधेपुरा, सहरसा, पूर्णिया, कटिहार एवं उत्तर पश्चिम जिले के पूर्वी एवं पश्चिमी चंपारण, सीवान, सारण, गोपालगंज में हवा की गति 30-40 किमी प्रतिघंटा रहेगी और मेघ गर्जन के साथ हल्की या मध्यम बारिश हो सकती है। इन जिलों में मौसम विज्ञान केंद्र की ओर से येलो अलर्ट जारी किया गया है।



