
BIHAR:- सात फरवरी से बिहार में खुले सकते हैं सभी शिक्षण संस्थान
पटना- 01 फरवरी। कोरोना को लेकर पिछले लगभग एक महीने से बंद शिक्षण संस्थानों और विद्यालय तथा महाविद्यालय को खोलने की तैयारी की जा रही है। इस बात के संकेत राज्य के शिक्षा में मंत्री विजय कुमार चौधरी ने दिये है।
शिक्षा मंत्री ने मीडिया से बात करते हुए कहा कि प्राइमरी से लेकर हायर सेकेण्डरी और कॉलेज खोलने को लेकर विचार किया जा रहा है। अंतिम निर्णय क्राइसिस मैनेजमेंट ग्रुप की बैठक में ली जाएगी। बिहार में कोरोना का ग्राफ लगातार गिर रहा है। जिसको देखते हुए स्कूल-कॉलेज और शैक्षणिक संस्थान खोलने पर सरकार विचार कर रही है। छह फरवरी तक बिहार में कोरोना गाइडलाइन लागू है। इसके बाद आपदा प्रबंधन की बैठक में शैक्षणिक संस्थानों को खोलने पर अंतिम मुहर लगायी जाएगी।
बताया जा रहा है कि प्राइमरी से लेकर हायर सेकेण्डरी और कॉलेज के साथ-साथ सभी शैक्षणिक संस्थान खोले जाएंगे। शत प्रतिशत बच्चों और शिक्षकों के साथ संस्थानों को खोले जाने की अनुमति रहेगी। इस फैसले से ऑफलाइन क्लास की व्यवस्था बहाल हो जाएगी, जिससे बच्चों की पढ़ाई सही ढंग से हो पाएगी। निजी स्कूल संगठन की ओर से स्कूल खोले जाने को लेकर सरकार से बात चल रही थी। इन संगठनों की माने तो बच्चों का सिलेबस पूरा नहीं हो पाया है। साथ ही मार्च महीने में फाइनल परीक्षा होना है। ऐसे में स्कूल बंद रहेंगे तो बच्चों की पढ़ाई पूरी नहीं हो पाएगी। इन सभी बातों को ध्यान में रखते हुए शिक्षा विभाग की ओर से सात फरवरी के बाद से स्कूलों को खोलने पर निर्णय किया जायेगा ।



