
BIHAR: मधुबनी के एक गांव में बेटी की शादी के अगले सुबह मां व मामा ने तोड़ा दम, क्षेत्र में शोक की लहर
मधुबनी-13 फरवरी। रात में बड़े ही धूमधाम से बेटी का ब्याह हुआ। बारातियों का भव्य स्वागत कर पिता ने कन्यादान कर बेटी का विवाह संपन्न कराया। लेकिन,अगले ही दिन काल का ऐसा चक्र चला कि नवविवाहिता की मां एवं मामा ने दम तोड़ दिया।
खुशियों से भरे घर में मातमी सन्नाटा पसर गया। मामला बेनीपट्टी के गंगुली गांव का है। जहां शुक्रवार की रात अरुण झा ने अपने पुत्री की शादी बड़े ही धूमधाम से की। शादी के अगले सुबह करीब दस बजे उनकी पत्नी शांति देवी उत्साह के साथ ग्रामीणों के बीच मिठाई बांट रही थी। इस दौरान वो काफी खुश थी। इसी क्रम में न जाने काल को ये खुशी देखी न गयी, अचानक नवविवाहिता की मां शांति देवी अचेत होकर वही गिर पड़ी। ग्रामीणों व स्वजनों ने तुरंत महिला को बेनीपट्टी के एक निजी क्लिनिक में भर्ती कराया।
लेकिन,तबतक काल का खेल हो चुका था। शांति देवी को डॉक्टर ने मृत घोषित कर दिया। उधर,शांति देवी के निधन की सूचना उसके नैहर बलिया गांव तक पहुँच चुकी थी। नैहर के लोग अभी शादी के रात बारातियों का स्वागत कर घर पहुँचे ही थे, की उन्हें ये मनहूस खबर मिली। इतने में नवविवाहिता के मामा व मृत महिला के भाई बुच्चू झा भी अचेत हो गए और उनकी भी मौत दिल का दौरा पड़ने से हो गया।
बुच्चू झा की उम्र महज 32 साल थी। एक साथ दो-दो लोगों की मौत से जहां खुशियां काफूर हो चुकी थी। वही पूरे गांव में मातमी सन्नाटा पसर गया। हर जाति-मजहब के लोग इस घटना से दुखित नजर आए। ग्रामीणों को इतनी हिम्मत नहीं हो रही थी कि जिस घर पर रात मिठाई खा रहे थे, आज उस दहलीज पर मातम मनाने जा सके।



