
BIHAR:- बेतिया में भीषण सड़क हादसा, 4 की मौत
बेतिया- 17 मई। जिला स्थित बाल्मीकि नगर मुख्य सड़क के हरदिया चाती के पास एक कार के पेड़ से टकराने से चार लोगों की मौत आज हो गई। वहीं इस घटना में 4 लोग गंभीर रूप से जख्मी हो गए। जिन्हे ईलाज के लिए अनुमंडली अस्पताल मे भर्ती कराया गया लेकिन उनकी गंभीर स्थिति को देखते हुए जिला अस्पताल रेफर कर दिया गया है। घटना मंगलवार की सुबह करीब 5 बजे की है।
बाल्मीकिनगर लव-कुश घाट निवासी मछली व्यावसाई मंटू साहनी का परिवार कार में सवार होकर शादी समारोह में भाग लेने नवलपुर कौलापुर जा रहे थे। इसी दौरान हरदियाचाती के पास मोड़ के पास कार अनियंत्रित होकर पेड़ से टकरा गई। इस घटना में कार पर सवार दो लोगों की क्रमशः नागमणि साहनी व कार का चालक रामबाबू चौधरी की मौत घटनास्थल पर ही हो गई ।वहीं करीब आधा दर्जन लोग जख्मी हो गए। जिन्हें नौरंगिया थाने की पुलिस के द्वारा इलाज के लिए अनुमंडली अस्पताल में भर्ती कराया गया। जहां इलाज के दौरान और घायल दो बच्चो की भी मौत हो गई । शेष चार लोगों की स्थिति गंभीर बनी हुई है। जिन्हें प्राथमिक उपचार के बाद बेहतर इलाज के लिए जिला अस्पताल रेफर कर दिया गया है।
घटना की पुष्टि करते हुए नौरंगिया थानाध्यक्ष राजेश झा ने बताया कि नवलपुर के कौलापुर निवासी नागमणि साहनी अपने मित्र रामबाबू के साथ अपनी बहन को बुलाकर अपने घर नवलपुर ले जा रहा था। इसी दौरान हरदिया चाति के पास कार अनियंत्रित होकर पेड़ से टकरा गई ।उन्होंने बताया कि इस घटना में रामबाबू चौधरी व नागमणि साहनी दोनों साकिन कौलपुर नवलपुर निवासी की घटना स्थल पर मौत हो गई। घटना से गंभीर रूप जख्मी मंटू साहनी की पुत्री अर्चना 7 वर्ष व बेबी 3 वर्ष की मौत अस्पताल में हो गई।
घटना में मंटू की पत्नी रिंकू देवी 27 वर्ष,लाल बच्चन साहनी 25 वर्ष,पुष्पा कुमारी 20 वर्ष ,कोमल कुमारी 12 वर्ष गंभीर रूप से जख्मी है ।अनुमंडलीय अस्पताल के चिकित्सक डॉ विजय कुमार ने बताया कि घायलों की स्थिति चिंताजनक है । ऐसे में प्राथमिक उपचार के बाद सभी घायलों को बेहतर इलाज के लिए बेतिया रेफर कर दिया गया।


