
BIHAR:- बेगूसराय में भाजपा नेता के पिता की पीट-पीटकर हत्या
बेगूसराय- 28 जनवरी। बेखौफ अपराधियों ने भाजपा नेता-सह-नगर पार्षद के पिता की शुक्रवार की अलसुबह पीट-पीटकर हत्या कर दी। घटना बखरी थाना क्षेत्र के पुरानी थाना के समीप की है। मृतक की पहचान बखरी नगर परिषद वार्ड संख्या-16 के नगर पार्षद सुबोध सहनी के पिता रासो सहनी के रूप में की गई है। शुक्रवार की सुबह सड़क किनारे शव मिलते ही हड़कंप मच गया। घटना की सूचना मिलते ही पहुंची पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए सदर अस्पताल बेगूसराय भेज दिया है। घटना के संबंध में बताया जा रहा है कि दिव्यांग रासो सहनी रेलवे लाइन के बगल में झोपड़ी बनाकर रहते थे।
घटनास्थल के आसपास दिनभर स्मोकर गैंग, शराब कारोबारी, तीनतसिया गिरोह और जुआरियों का जमावड़ा लगा रहता है। इस जगह के आसपास सभी तरह के नशा का कारोबार होता है, घटनास्थल के आसपास बड़ी संख्या में ड्रग्स बेचने वाले और देसी शराब कारोबारी सप्लायर भी रहते हैं। स्थानीय लोगों की माने तो रासो सहनी बराबर असामाजिक तत्वों का विरोध किया करते थे। सुबह तीन बजे के आसपास जब लोग ट्रेन पकड़ने स्टेशन जा रहे थे तो वहां पर कोई शव नहीं था। चार बजे के बाद मॉर्निंग वॉक के लिए निकले लोगों की नजर सड़क किनारे पड़े शव पर गई। इससे स्थानीय लोगों ने आशंका जताई है कि सुबह शौच के दौरान रासो सहनी ने असामाजिक तत्वों का विरोध किया होगा।



