
BIHAR:- बेगूसराय में फिर मिले 103 कोरोना संक्रमित, जांच के लिए सड़क पर उतरे DM-SP
बेगूसराय- 07 जनवरी। कोरोना संक्रमितों की संख्या अप्रत्याशित रूप से बढ़ रही है। यहां शुक्रवार को भी एक सौ से अधिक नए संक्रमित पाए गए हैं, इसके साथ ही संक्रमितों की संख्या बढ़कर 197 हो गई है। संक्रमण में हो रही अप्रत्याशित वृद्धि के मद्देनजर पूरा जिला प्रशासन सड़क पर उतर आया है तथा मास्क चेकिंग एवं सामाजिक दूरी का अनुपालन सहित तमाम कोरोना प्रोटोकॉल का पालन कड़ाई पूर्वक कराया जा रहा है। प्रोटोकॉल का पालन कराने को लेकर डीएम अरविंद कुमार वर्मा तथा एसपी योगेंद्र कुमार के नेतृत्व में आज समाहरणालय परिसर से ट्रैफिक चौक तक सघन मास्क चेकिंग अभियान चलाया गया। अभियान के दौरान मास्क के उपयोग नहीं करने वाले व्यक्तियों के विरुद्ध दंडात्मक कार्रवाई करने के साथ-साथ मास्क का उपयोग नहीं करने वाले दुकानदारों और ग्राहकों के विरुद्ध कार्रवाई की गई है।
डीएम ने बताया कि बड़ी संख्या में लोगों को फाइन करने के साथ दीपक फोटोस्टेट एवं लेमिनेशन कचहरी चौक तथा कौशल्या देवी ऊन दुकान को नौ जनवरी तक सील कर दिया गया है। डीएम ने बताया कि नगर निगम क्षेत्र में संक्रमण की अधिक मामले सामने आ रहे हैं। प्रोटोकॉल का उल्लंघन करने वाले सभी लोगों पर कड़ी कार्रवाई की जाएगी बार-बार उल्लंघन करने वाले दुकानदारों के खिलाफ प्राथमिकी भी दर्ज कराई जाएगी। इस अवसर पर डीएम एवं एसपी ने आमजनों को कोविड संक्रमण के मामले में वृद्धि को गंभीरता से लेने तथा प्रोटोकॉल के निर्धारित शर्तों का शत-प्रतिशत पालन करने का निर्देश दिया। मौके पर सदर एसडीओ एवं नगर निगम के पदाधिकारी भी मौजूद थे।



