
BIHAR:- बेगूसराय में दीवार तोड़ कर फिर हुई आभूषण दुकान में चोरी
बेगूसराय- 27 फरवरी। बेगूसराय में बेखौफ बदमाशों का उत्पात लगातार जारी है। बीती रात भी बेखौफ बदमाशों ने जिला मुख्यालय के नगर थाना क्षेत्र स्थित चित्रवाणी सिनेमा हॉल के समीप एक ज्वेलरी दुकान का दीवार तोड़कर चोरी कर लिया लेकिन, लॉकर का ताला नहीं टूटने के कारण चोर अपने उद्देश्य में सफल नहीं हो सके तथा करीब दो लाख की ज्वेलरी ही हाथ लग सकी। घटना कर्पूरी स्थान चौक और नौरंगा पुल के बीच स्थित वैष्णवी ज्वेलर्स की है।
पीड़ित व्यवसायी रघुवीर साह ने बताया कि शनिवार की रात वह अन्य दिनों की तरह अपनी दुकान बंद कर घर चले गए थे। रविवार की सुबह जब दुकान खोलने गए तो अंदर सब कुछ बिखरा देखकर होश उड़ गए। जिसके बाद छानबीन में पीछे दीवार टूटा हुआ मिला है। दीवार तोड़कर चोरों ने काउंटर से करीब डेढ़-दो लाख की ज्वेलरी तथा गल्ला से 20 हजार नगद गायब कर दिया। सूचना मिलते ही पहुंची नगर थाना की पुलिस मामले की छानबीन में जुट गई है। आसपास लगे सीसीटीवी कैमरे की जांच कर चोरों की पहचान एवं उनके गिरफ्तारी की कोशिश चल रही है।
उल्लेखनीय है कि बेगूसराय में स्वर्ण व्यवसायी लगातार अपराधियों के निशाने पर हैं, स्वर्ण व्यवसायी के साथ लगातार लूट, चोरी, डकैती और छिनतई की घटना को अंजाम दिया जा रहा है। जिसके कारण व्यवसायियों में दहशत और भय का माहौल है।



