
BIHAR:- बेगूसराय में कंटेनर में मिला 4 क्विंटल से अधिक गांजा
बेगूसराय- 22 फरवरी। बेगूसराय में मंगलवार की सुबह पुलिस ने भारी मात्रा में गांजा बरामद किया है। पुलिस को यह सफलता एनएच-31 के नगर थाना क्षेत्र के ज्ञान भारती स्कूल के समीप मिली है। जहां की एक कंटेनर से पुलिस ने 28 पैकेट में बंद कर ले जाया जा रहा चार क्विंटल से अधिक गांजा बरामद किया है। बरामद गांजा की कीमत एक करोड़ से अधिक आंकी जा रही है। बताया जा रहा है कि मंगलवार की सुबह करीब चार बजे एनएच-31 पर नगर थाना क्षेत्र के ज्ञान भारती उच्च विद्यालय के समीप खगड़िया की ओर से आ रहे कंटेनर एनएल01क्यू-0447 की एक हाइवा से टक्कर हो गई। टक्कर के बाद कंटेनर चालक भागना चाह रहा था, लेकिन इसी दौरान नगर थाना की गश्ती टीम पहुंच गई और कंटेनर के टूटे हिस्से से लटकते पैकेट को देखकर गश्ती टीम ने खदेड़ कर कंटेनर को रोका। रोकने के बाद जांच के दौरान कंटेनर के केबिन के ऊपर बने बॉक्स से गांजा बरामद किया गया लेकिन इस दौरान हादसा में घायल कंटेनर चालक और खलासी भागने में सफल रहा।
प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार कंटेनर गलत साइड से जा रहा था। जिसके कारण यह टक्कर हुई और कंटेनर को सपोर्ट करते हुए एक चार पहिया वाहन ही जा रहा था। आशंका जताई जा रही है कि तस्कर आस-पास में ही गांजा अनलोड कर छुपाने की तैयारी में थे, जिसके लिए कंटेनर धीमी गति से गलत दिशा में साइड करने का प्रयास किया जा रहा था। फिलहाल पुलिस द्वारा नारकोटिक्स कंट्रोल ब्यूरो (एनसीबी) को सूचना देकर मामले की छानबीन तथा गांजा कारोबारी की गिरफ्तारी के लिए संदिग्ध ठिकानों पर छापेमारी की जा रही है।



