
BIHAR:- पटना जंक्शन के पास होटल में लगी भीषण आग, 6 की मौत, 20 लोग झुलसे
पटना- 25 अप्रैल। राजधानी पटना के कोतवाली थाना क्षेत्र स्थित जंक्शन के पास गुरुवार को पाल होटल में भीषण आग लग गई। इस दुर्घटना में अबतक छह लोगों की मौत हो चुकी है। 20 लोग बुरी तरह से झुलस गए हैं, जबकि 45 लोगों को सुरक्षित बाहर निकाला गया है। आग में झुलसे लोगों को पीएमसीएच में भर्ती कराया गया है, जिनमें से कुछ की हालत नाजुक बनी हुई है। ऐसे में संभावना जताई जा रही है कि मृतकों का आंकड़ा अभी और बढ़ सकता है।

सिटी एसपी सेंट्रल ने बताया कि अबतक 6 लोगों की इस अग्निकांड में जलकर मौत हो चुकी है जबकि आग में झुलसे 20 लोगों को पीएमसीएच में भर्ती कराया गया है, जिनमें से 12 लोगों को तुरंत आईसीयू में भर्ती किया गया है। इनमें से तीन की हालत काफी नाजुक है।
अग्निशमन विभाग की डीजी शोभा अहोतकर भी मौके पर पहुंची और हालात का जायजा लिया है। उन्होंने बताया कि राहत और बचाव कार्य चल रहा है। आग पर काबू पा लिया गया है और फिलहाल बिल्डिंग और उसके आसपास के इलाकों में सर्च ऑपरेशन चलाया जा रहा है। पटना पुलिस की टीम और संबंधित अधिकारी मौके पर कैंप कर रहे हैं।



