
BIHAR:- चयनित शिक्षकों को 23 से मिलेगा नियुक्ति पत्र : विजय चौधरी
पटना- 15 फरवरी। शिक्षा विभाग विजय कुमार चौधरी ने मंगलवार को प्रेसवार्ता में कहा कि शिक्षक नियोजन 2019-20 अन्तर्गत जिलों से प्राप्त कुल रिक्ति 90,762 के विरुद्ध नियुक्ति की प्रक्रिया के लिए प्रथम, द्वितीय एवं तृतीय चक्र में अभ्यर्थियों की काउंसलिंग संबंधित नियोजन इकाइयों द्वारा कराई गयी। आगामी 23 फरवरी से नियुक्ति पत्र निर्गत किया जायेगा।
विजय चौधरी ने कहा कि तीनों चक्र के काउंसलिंग के उपरान्त लगभग 42,000 अभ्यर्थियों का चयन किया गया है। नियोजन के लिए निर्गत अधिसूचनाओं के अनुसार चयनित अभ्यर्थियों को उनके सभी प्रमाणपत्रों के सत्यापन के उपरांत नियुक्ति पत्र दिया जाना था। वर्तमान में कोविड एवं इण्टरमीडिएट तथा मैट्रिक परीक्षा संचालित रहने के कारण सभी प्रमाणपत्रों के सत्यापन में अधिक समय लगने की संभावना है। इस स्थिति में शिक्षक पात्रता परीक्षा (सीटीईटी-बीईटीईटी) के प्रमाणपत्र के सत्यापन के आधार पर एवं अभ्यर्थियों से शपथ-पत्र प्राप्त कर 23 फरवरी से नियुक्ति पत्र निर्गत किये जाने का निर्णय हुआ है।
शिक्षा मंत्री ने कहा कि नियुक्ति पत्र निर्गत किये जाने के पश्चात चयनित अभ्यर्थी को विद्यालय में योगदान की तिथि से वेतन इत्यादि देय होगा। योगदान के उपरांत ऐसे अभ्यर्थी, जिनके प्रमाणपत्रों का सत्यापन पूर्ण हो चुका है। भुगतान नियमानुसार काल प्रारंभ हो जाएगा तथा ऐसे अभ्यर्थी, जिनके प्रमाणपत्रों का सत्यापन नहीं हो सका है, उनके वेतन का भुगतान प्रमाणपत्रों के सत्यापन के उपरांत किया जाएगा।
राज्य के बाहर अवस्थित संस्थानों द्वारा निर्गत प्रमाणपत्रों के सत्यापन के लिए राज्य स्तर पर पदाधिकारियों को नामित करते हुए इस कार्य को समयबद्ध तरीके से पूर्ण करा लिया जाएगा। शिक्षक पात्रता परीक्षा के लगभग 95 प्रतिशत प्रमाणपत्रों का सत्यापन किया जा चुका है। विभाग द्वारा समीक्षा के क्रम में यह पाया गया है कि 562 अभ्यार्थियों के शिक्षक पात्रता परीक्षा प्रमाणपत्र फर्जी पाए गए हैं। जिला द्वारा ऐसे अभ्यार्थियों के विरुद्ध वैधानिक कार्रवाई की जा रही है। नियुक्ति के उपरांत, नियोजन इकाईवार अभ्यार्थियों की अंतिम मेधा सूची, चयनित सूची और नियुक्त शिक्षकों के सभी प्रमाणपत्र विभागित पोर्टल परअपलोड करने की कार्रवाई की जा रही है।



