
BIHAR:- घोघरडीहा के तत्कालीन सीओ रमण कुमार द्वारा पत्रकार को झुठे मुकदमा में फंसाना पड़ा महंगा, भारतीय प्रेस परिषद ने की कार्रवाई की अनुसंशा
मधुबनी- 08 जनवरी। घोघरडीहा के तत्कालीन अंचलाधिकारी रमण कुमार द्वारा पत्रकार को समाचार संकलन के दौरान झुठे मुकदमा में फंसाना महंगा पड़ गया है। इस मामले को लेकर भारतीय प्रेस परिषद की जांच समिति ने घोघरडीहा के तत्कालीन अंचलाधिकारी रमण कुमार को अपने पद का गलत प्रयोग कर पत्रकार को झुठे मुकदमा के मामले में फंसाने को लेकर जिला पदाधिकारी से सीओ पर अनुशासनिक कार्रवाई करने की अनुशंसा की है। घोघरडीहा के तत्कालीन अंचलाधिकारी रमण कुमार वर्तमान में खुटौना में अंचलाधिकारी पद पर कार्यरत हैं। मालुम हो कि वर्ष 2019 में घोघरडीहा के तत्कालीन अंचलाधिकारी रमण कुमार द्वारा सड़क जाम की खबर संकलन करने गए पत्रकार सुशील कुमार पर अपने पावर का गलत तरीके से उपयोग करते हुए घोघरडीहा थाना में सड़क जाम के मुकदमा में फंसाया था। जिसको लेकर पत्रकार सुशील कुमार ने वर्ष 2019 में भारतीय प्रेस परिषद के समक्ष एक लिखित शिकायत दर्ज कराई थी। भारतीय प्रेस परिषद के जांच समिति ने अपने स्तर से मामले की जांच कराई। जिसमें पत्रकार द्वारा लगाये गए आरोप सत्य पाये गये। बीते 17 नवंबर 2023 को भारतीय प्रेस परिषद समिति ने अपने निर्णय में सीओ रमण कुमार की निंदा करते हुए इसे प्रेस की स्वतंत्रता पर हमला बताया है। तथा जिला पदाधिकारी मधुबनी से अनुशासनिक कार्रवाई की अनुशंसा की है।



