
BIHAR:- कड़ी सुरक्षा व्यवस्था के बीच झंझारपुर और मधुबनी की मतगनणा आज, DM ने कहा- पारदर्शी तरीके से होगी मतों की गिनती
मधुबनी- 04 जून। जिलाधिकारी सह जिला निर्वाचन अधिकारी अरविंद कुमार वर्मा एवं पुलिस अधीक्षक सुशील कुमार ने वरीय अधिकारियों के साथ आर.के कॉलेज मधुबनी स्थित बज्रगृह सह मतगणना केंद्र का भ्रमण कर प्रशासनिक तैयारी का जायजा लिया। तथा चल रही तैयारियों को अंतिम रूप दिया। उन्होंने प्रतिनियुक्त दंडाधिकारियों एवं पुलिस पदाधिकारियों को संयुक्त रूप से संबोधित भी किया। उन्होंने कहा कि सभी प्रतिनियुक्त अधिकारी एवं कर्मी हर हाल में ससमय अपने प्रतिनियुक्ति स्थल पर पहुंच जाएंगे। उन्होंने कहा कि निर्वाचन आयोग के दिशा-निर्देश के आलोक में प्रत्याशी,उनके अभिकर्ता सहित किसी को भी (वरीय अधिकारी को छोड़कर) मतगणना केंद्र में मोबाइल ले जाने की अनुमति नही दी जाएगी। उन्होंने मतगणना केंद्र पर अबतक की गई तैयारी का निरीक्षण किया और परिसर की साफ-सफाई का भी निर्देश दिया। डीएम ने कहा कि मतगणना केंद्र पर त्रिस्तरीय सुरक्षा की सुदृढ़ व्यवस्था की गई है। इसके तहत जिला पुलिस बल के जवान तीन लेयर में सेंटर के भीतर एवं बाहर की सुरक्षा की व्यवस्था देखेंगे। जगह-जगह पर सीसीटीवी अधिष्ठापित किए गए हैं। तथा वीडियोग्राफी की समुचित व्यवस्था की गई है। अनाधिकृत व्यक्तियों के केंद्र के भीतर प्रवेश पर रोक लगाया गया है। मतगणना केंद्र पर जाने हेतु पास की व्यवस्था की गई है। उन्होने कहा कि 06 मधुबनी एवं 07 झंझारपुर संसदीय निर्वाचन क्षेत्र अंतर्गत प्रत्येक विधानसभा निर्वाचन क्षेत्र में ईवीएम से मतगणना के लिए कुल 14 टेबुल की स्थापना की गई है। मतगणना केंद्र में शांतिपूर्ण वातावरण में मतगणना कार्य पर सूक्ष्म निगरानी रखने के उद्देश्य से मतगणना नियंत्रण कक्ष की स्थापना प्रशासनिक भवन के ठीक सामने की गई है। मतगणना नियंत्रण कक्ष के वरीय प्रभारी पदाधिकारी के रूप में अपर समाहर्ता नीरज कुमार विभागीय जांच रहेंगे। मतगणना नियंत्रण कक्ष में दूरभाष संख्या-06276-222144 स्थापित किया गया हैं। जिसके द्वारा सभी कार्यों की सतत एवं प्रभावी मॉनिटरिंग की जाएगी। मतगणना केंद्र पर पेयजल, शौचालय साफ सफाई बिजली आपूर्ति, पब्लिक ऐड्रेस सिस्टम की सुचारू व्यवस्था बनाए रखने का निर्देश दिया है। साथ ही आवश्यक स्थलों को चिन्हित कर बैरीकेडिंग करने का निर्देश दिया गया है। डीएम ने बताया कि अभ्यर्थी,चुनाव अभिकर्ता एवं गणन अभिकर्ता आदि के लिए मतगणना केंद्र पर गेट नंबर 1 से प्रवेश की व्यवस्था की गई है। मतगणना अभिकर्तागण निर्दिष्ट बैरिकेडिंग मार्ग से संबंधित मतगणना हॉल में प्रवेश करेंगे। मतगणना परिसर में मीडिया केंद्र का निर्माण किया गया है, जहां मीडिया कर्मियों को बैठने की व्यवस्था की गई है। कोई भी पत्रकार मोबाइल,कैमरा आदि लेकर मतगणना कक्ष का भ्रमण नहीं करेंगे। पत्रकारों के मोबाइल एवं कैमरा आदि सुरक्षित रूप से मीडिया केंद्र में ही रखा जाएगा। गौरतलब हो कि जिले में आदर्श आचार संहिता प्रभावी है, साथ ही धारा 144 के तहत निषेधाज्ञा भी लागू है। उन्होने बताया कि कोई भी विजयी अभ्यर्थी द्वारा किसी भी परिस्थिति में विजय जुलूस नही निकाला जाएगा।



