
BIHAR:- इंटर-दसवीं की परीक्षा के साथ शिक्षक नियोजन भी तय समय सीमा में: विजय चौधरी
पटना- 13 जनवरी। बिहार सरकार में जदयू कोटे से शिक्षा मंत्री विजय चौधरी ने आज स्पष्ट कर दिया कि बिहार में एक फरवरी से इंटर और 17 फरवरी से 10वीं की परीक्षा होनी है। इस कार्यक्रम में किसी भी तरह के फेरबदल की संभावना नहीं है। साथ ही शिक्षक नियोजन की प्रक्रिया भी तय समय सीमा के भीतर ही की जाएगी। शिक्षा मंत्री विजय कुमार चौधरी ने गुरुवार को एक प्रेस विज्ञाप्ति जारी कर बताया कि ये दोनों परीक्षाएं अपने निर्धारित समय पर ही होंगी। शिक्षा मंत्री ने कहा कि इंटर और मैट्रिक की परीक्षाएं समय से पर होंगी और परीक्षा में पूर्ण रूप से कोरोना प्रोटोकॉल का पालन किया जाएगा। शिक्षा मंत्री ने कहा कि शिक्षक नियोजन भी समय से किया जाएगा।
शिक्षा मंत्री ने शिक्षक नियोजन की निर्धारित तिथि से जुड़ी आशंकाओं को भी निराधार बताये हुए कहा कि तय शेड्यूल में कोई बदलाव नहीं किया जाएगा। तीसरे फेज की काउंसिलिंग 17 जनवरी से की जाएगी। इसके बाद छठे चरण के चयनित अभ्यर्थियों को 25 फरवरी को नियुक्ति भी पत्र दिया जाएगा। उन्होंने कहा कि छठे चरण की बहाली समाप्त होते ही 7वें चरण की बहाली प्रक्रिया शुरू कर दी जाएगी। बता दें कि विभाग की ओर से मार्च के प्रथम सप्ताह से 7वें चरण की बहाली शुरू करना निर्धारित है।
उल्लेखनीय है कि बीते बुधवार को शिक्षकों के विभिन्न संगठनों ने मांग की थी कि शिक्षक नियोजन का संबंध रोजी-रोटी से है इसलिए हर हाल में 25 फरवरी को नियुक्ति पत्र दिए जाएं और साथ ही बाकी की काउंसिलिंग भी निर्धारित तिथि पर पूरी की जाए। शिक्षक संघों ने आंदोलन की भी धमकी दी थी। लेकिन, सरकार ने अपनी स्थिति स्पष्ट कर दी है कि कोरोना की वजह से किसी भी तिथि में बदलाव नहीं किए जाएंगे।



