
BHAGALPUR:- एक लाख पैंतीस हजार लूट मामले में 3 अभियुक्त गिरफ्तार, देसी कट्टा बरामद
भागलपुर-06 फरवरी। बीते 1 फरवरी को कोतवाली थाना क्षेत्र अंतर्गत चुनिहारी टोला में हुए 1 लाख 35 हजार लूट मामले में पुलिस ने तीन अभियुक्त को गिरफ्तार कर लिया है। उक्त आशय की जानकारी रविवार को सिटी एसपी ने एक प्रेस वार्ता के दौरान दी। उन्होंने बताया कि 1 फरवरी को दिन के करीब 10 बजे महादेव इंटरप्राइजेज के ऑफिस से एक लाख पैंतीस हजार रुपए लेकर कंपनी के कर्मचारी शेखर यादव साइकिल से खलीफाबाग चौक स्थित आईडीबीआई बैंक में जमा करने जा रहे थे। इसी क्रम में चौखानी मेहंदी वाली दुकान के पास पहुंचने पर पीछे से आ रहे एक काले रंग की पल्सर मोटरसाइकिल पर सवार तीन अपराधी द्वारा साइकिल में धक्का मार कर गिरा दिया। मोटरसाइकिल पर पीछे बैठे व्यक्ति ने अपने कमर से पिस्टल निकालकर इस पर तान दिया था। साथ ही इसके झोले में रखे रुपयों को लेकर भाग गया था। जींस को लेकर कोतवाली थाना में मामला दर्ज किया गया था।
एसएसपी बाबूराम ने इस पर विशेष संज्ञान लेते हुए एक टीम का गठन किया। वरीय पुलिस अधीक्षक के आदेशानुसार पुलिस उप अधीक्षक नगर सह मुख्यालय प्रकाश कुमार के नेतृत्व में छापेमारी दल ने त्वरित कार्रवाई करते हुए इस कांड में संलिप्त तीन अभियुक्त को गिरफ्तार किया है। गिरफ्तार अभियुक्तों में संतोष यादव, जवाहर यादव और चंचल यादव शामिल है। गिरफ्तार अभियुक्तों के पास से देसी कट्टा और एक जिंदा कारतूस भी बरामद हुआ है। इन लोगों का अपराधिक इतिहास भी खंगाला जा रहा है।



