
BEGUSRAI:- सड़क हादसे में पूर्व उपप्रमुख सहित दो की मौत
बेगूसराय- 24 दिसम्बर। घने कोहरे के कारण दर्दनाक सड़क दुघर्टनाओं का तांडव शुरू हो गया है। बीती रात वैशाली जिले के जंदाहा से लौट रहे स्कॉर्पियो के अनियंत्रित होकर सड़क किनारे गहरे गड्ढे में पलट जाने से वाहन चालक बीहट नगर परिषद क्षेत्र के पिपरा डीह निवासी टेनीलाल महतो उर्फ टेनियां की मौत घटनास्थल पर ही हो गई।
जबकि, राजद नेता एवं बरौनी प्रखंड के पूर्व उपप्रमुख शिव कुमार यादव उर्फ शिबू दा की मौत इलाज के दौरान एक निजी अस्पताल में हो गई। हादसे में दो लोग गंभीर रूप से घायल हो गए, जिन्हें इलाज के लिए अस्पताल में भर्ती कराया गया है। पोस्टमार्टम के बाद शनिवार को एंबुलेंस से दोनों का शव गांव पहुंचते ही कोहराम मच गया है। घटना की जानकारी मिलते ही लोगों की भीड़ मृतक के घर पर उमड़ पड़ी।
स्थानीय लोगों के अलावे सभी दलो के जनप्रतिनिधियों और राजद जिलाध्यक्ष मोहित यादव भी अंतिम दर्शन करने पहुंचे। राजद नेताओं ने पार्थिव शरीर पर पार्टी का झंडा एवं पुष्प चढारकर भावभीनी श्रद्धांजलि दी। पूर्व उपप्रमुख का पार्थिव शव अंतिम दर्शन के लिए बरौनी प्रखंड मुख्यालय लाया गया। जहां कि प्रखंड एवं अंचलकर्मियों ने श्रद्धा सुमन अर्पित किया। बरौनी बीडीओ वीरेन्द्र कुमार सिंह ने बताया कि आवश्यक कागजी कार्रवाई के बाद सभी प्रकार का सहयोग मृतक के परिजनों को दिया जाएगा।
घटना के संबंध में पूर्व उपप्रमुख शिव कुमार यादव के पुत्र गौतम कुमार ने बताया कि शुक्रवार की दोपहर बाद भतीजी की शादी के सिलसिले में अपने दामाद वीरपुर मोरादपुर निवासी गुड्डु यादव एवं ममेरे भाई चिरंजीविपुर निवासी अनिल यादव के साथ भाड़े की गाड़ी से लड़का देखने मरूई जंदाहा गए थे। रात में वापस लौटने के दौरान घने कोहरे के कारण हरप्रसाद जंदाहा मोड़ के समीप स्कॉर्पियो अनियंत्रित होकर सड़क किनारे गड्ढे में पलट गई। जिससे वाहन चालक की मौके पर ही मौत हो गई, वहीं अन्य घायलों को अस्पताल ले जाया गया, जहां इलाज के दौरान शिव कुमार यादव की मौत हो गई। घटना में गंभीर रूप से घायल उनके दामाद गुड्डु यादव और ममेरे भाई अनिल यादव का इलाज चल रहा है।



