
BEGUSARAI:- युवक की हत्या कर स्कूल के पीछे शव को फेंका
बेगूसराय- 23 नवंबर। बेगूसराय में बेखौफ बदमाशों ने एक युवक की हत्या कर शव को स्कूल के पीछे फेंक दिया। घटना नावकोठी थाना क्षेत्र के इनैया की है, मृतक युवक की पहचान नावकोठी थाना क्षेत्र के डफरपुर निवासी बलराम सिंह के पुत्र शिवम कुमार के रूप में किया गया है।
शव को देखकर आशंका जताई जा रही है कि मारपीट करने के बाद गोली मारकर बदमाशों ने शिवम की हत्या कर दिया और शव इनैया स्कूल के पीछे फेंक दिया। सूचना मिलते ही पहुंची पुलिस शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज कर मामले की छानबीन कर रही है। हत्या के कारणों का खुलासा जांच-पड़ताल तथा पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद हो सकेगा। परिजनों ने बताया कि सोमवार की दोपहर किसी ने फोन करके शिवम को बुलाया। इसके बाद कुछ देर में लौटने की बात कहकर शिवम अपने घर से निकला, लेकिन देर शाम तक वापस नहीं लौटा तो किसी अनहोनी की आशंका से सहमे परिजन लगातार तलाश कर रहे थे। मंगलवार को बहियार की ओर जा रहे लोगों ने जब स्कूल के पीछे लावारिस हालत में एक शव पड़ा देखा तो इलाके में सनसनी फैल गई। शव मिलने का हल्ला होते ही मौके पर सैकड़ों लोग जुट गए। डफरपुर से काफी दूर स्थित इनैया गांव में अज्ञात शव मिलने की जानकारी पाकर जब परिजन पहुंचे तो, काफी देर के बाद मृतक की पहचान हो सकी। फिलहाल घटना को लेकर इलाके में दहशत का माहौल है तथा तरह-तरह की चर्चाएं हो रही है।



