
BEGUSARAI:- हत्याकांड के 3 आरोपी को आजीवन कारावास की सजा
बेगूसराय- 14 फरवरी। बेगूसराय जिला के साहेबपुर कमाल थाना क्षेत्र में 2010 में हुए हत्या मामले के तीन आरोपियों को सोमवार को आजीवन कारावास की सजा सुनाई गई है। बेगूसराय व्यवहार न्यायालय के विशेष न्यायाधीश मुंशीलाल गौतम ने हत्या मामले के आरोपी साहेबपुर कमाल थाना के सनहा पश्चिम निवासी चंद्रशेखर प्रसाद, दीपक चौरसिया एवं सीमा देवी को हत्या में दोषी पाकर आजीवन कारावास की सजा सुनाई है। इसके साथ ही दस हजार रूपया जुर्माना की भी सजा सुनाई गई है। इन लोगों पर आरोप है कि दस अक्टूबर 2010 की देर शाम दूध लेकर लौट रहे विश्वजीत प्रसाद सिन्हा के साथ गाली-गलौज करते हुए पिटाई करने लगे।
पुत्र के साथ हंगामा होता देखकर मनोरंजन प्रसाद जब बीच-बिचाव करने गए तो उनके साथ गाली-गलौज करते हुए जमकर मारपीट किया। मारपीट में गंभीर रूप से घायल मनोरंजन की इलाज के दौरान मौत हो गई। मामले की सुनवाई करते हुए अभियोजन पक्ष की ओर से अपर लोक अभियोजक मंजू चौधरी ने सात गवाहों की गवाही कराई। जबकि बचाव पक्ष की ओर से अधिवक्ता राजेश रंजन दास और मुकेश सिन्हा ने पक्ष न्यायालय के समक्ष रखा।



