
BEGUSARAI:- मरीज की मौत से आक्रोशित लोगों ने किया सड़क जाम
बेगूसराय- 21 फरवरी। बेगूसराय में डॉक्टर की लापरवाही से मरीज की मौत का आरोप लगाते हुए आक्रोशित लोगों ने सड़क जाम कर दिया है। घटना सुभाष चौक के समीप श्रीकृष्ण नगर नाला रोड स्थित सिटी हॉस्पिटल की है। मृतका की पहचान गढ़पुरा थाना क्षेत्र के बड़ी केवाल निवासी सत्यनारायण यादव की पत्नी विमल देवी के रूप में की गई है।
परिजन ने बताया कि 16 फरवरी को सिढ़ी से गिर जाने के कारण विमल देवी की हालत खराब हो गई थी। इसके बाद आनन-फानन में उन्हें सिटी हॉस्पिटल में भर्ती कराया गया, जहां की रविवार की देर रात मौत हो गई। मौत की जानकारी मिलते ही लोग काफी आक्रोशित हो गए और अस्पताल के सामने सड़क पर शव रखकर यातायात अवरुद्ध कर दिया। परिजन का कहना है कि छाती में ट्यूब लगाया गया था, उसके बाद भी हालत लगातार बिगड़ रही थी। हम लोगों ने दूसरे जगह रेफर करने की मांग किया लेकिन प्रबंधन ने नहीं सुनी और ना ही डॉक्टर देखने आए। इस बीच रविवार को रात में डॉक्टर की अनुपस्थिति में कंपाउंडर ने ट्यूब हटा दिया तथा पैसे की मांग लगातार की जा रही थी। परिजन ने जब मरीज की स्थिति के बारे में पूछा तो अस्पताल के स्टाफ जूता-चप्पल चलाने पर उतारू हो गए तथा परिजनों के साथ बदतमीजी की। फिलहाल घटना की सूचना मिलते ही नगर थाना की पुलिस मामले की छानबीन में जुट गई है।



