
BEGUSARAI:- सड़क हादसे में रिफाइनरी से लौट रहे एक श्रमिक की मौत, दो की हालत गंभीर
बेगूसराय- 29 जनवरी। बेगूसराय-रोसड़ा स्टेट हाइवे-55 पर मुफस्सिल थाना क्षेत्र के झाझ पुल के समीप शनिवार की देर शाम सड़क हादसे में एक युवक की मौके पर मौत हो गई, जबकि दो युवक गंभीर रूप से घायल हो गया है। मृतक की पहचान मुफस्सिल थाना क्षेत्र के वासुदेवपुर निवासी रामनंदन सिंह के पुत्र राहुल कुमार के रूप में की गई है। जबकि घायल युवक की पहचान वासुदेवपुर निवासी रामविलास सिंह के पुत्र अमित कुमार एवं राजेंद्र प्रसाद सिंह के पुत्र राहुल कुमार के रूप में की गई है।
घटना की सूचना मिलते ही पहुंची पुलिस ने मृतक के शव को कब्जे में ले लिया तथा स्थानीय लोगों के प्रयास से दोनों घायल को निजी अस्पताल ले जाया गया है। जहां पैर कटकर अलग हो जाने के कारण अमित कुमार की हालत नाजुक बनी हुई है। घटना के संबंध में बताया जा रहा है कि तीनों युवक बरौनी रिफाइनरी में दैनिक मजदूरी करते हैं। शनिवार की शाम तीनों रिफाइनरी से काम कर एक ही बाइक से अपने गांव लौट लौट रहे थे।
इसी दौरान खम्हार और मोहनपुर के बीच स्थित झाझ पुल के समीप अज्ञात वाहन से टक्कर हो गई। जिसमें रामनंदन सिंह के पुत्र राहुल की मौके पर ही मौत हो गई। जबकि अमित कुमार एवं एक अन्य राहुल गंभीर रूप से घायल हो गया। टक्कर इतनी जोरदार थी कि अमित कुमार का एक पैर कटकर अलग हो गया है। घटना की सूचना मिलते ही मौके पर सैकड़ों लोगों की भीड़ जुट गई। स्थानीय लोगों और राहगीरों के प्रयास से आनन-फानन में घायल युवकों को एलेक्सिया अस्पताल ले जाया गया है, जहां की समाचार प्रेषण तक अमित की हालत नाजुक बनी हुई है। इधर घटनास्थल पर सैकड़ों लोगों की भीड़ जुटी हुई है तथा यातायात ठप है। आक्रोशित लोग टक्कर मारकर भागने वाले वाहन को पकड़ने के बाद ही शव को पोस्टमार्टम के लिए ले जाने की मांग पर समाचार प्रेषण तक अड़े हुए हैं।



