
Axis Bank के अधिकारी ने की होटल में आत्महत्या
मेरठ- 07 दिसम्बर। एक्सिस बैंक के अधिकारी ने मंगलवार को नौचंदी थाना क्षेत्र के एक होटल में जहरीला पदार्थ खाकर आत्महत्या कर ली। परिजनों ने होटल में हंगामा करते हुए हत्या का आरोप लगाया। पुलिस मामले की जांच में जुटी है।
कंकरखेडा की तुलसी कॉलोनी निवासी विनय यादव एक्सिस बैंक में लोन विभाग में अधिकारी थे। विनय के परिवार में पत्नी रजनी, बेटा और बेटी है। परिजनों ने बताया कि विनय अक्सर बाहर टूर पर जाता था और सोमवार को भी मुरादाबाद जाने की बात कहकर निकला था। इसके बाद विनय मुरादाबाद ना जाकर मेरठ में ही नौचंदी थाना क्षेत्र के होटल डायमंड में कमरा लेकर रुक गया। इस होटल में एक्सिस बैंक के कार्यक्रम होते रहते हैं। इसी कारण बैंक कर्मचारियों से होटल का स्टाफ भी परिचित है।
परिजनों ने बताया कि मंगलवार सुबह से ही वे विनय का फोन मिला रहे थे, लेकिन फोन बंद आ रहा था। इसके बाद परिजनों ने बैंक के कर्मचारियों से विनय के बारे में पूछताछ की। बैंक के कर्मचारियों ने होटल से सम्पर्क किया। तब होटल स्टाफ ने विनय के रूम का दरवाजा खटखटाया। कोई जवाब नहीं मिलने पर नौचंदी पुलिस को सूचना दी गई। पुलिस के पहुंचने पर रूम खोला गया तो विनय बेड पर बेसुध पड़ा था। उसने जहरीला पदार्थ खाया था और उसकी मौत हो चुकी थी। मौके पर पहुंचे परिजनों ने होटल स्टाफ पर हत्या का आरोप लगाते हुए हंगामा किया। पुलिस ने उन्हें समझा कर शांत किया और शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। पुलिस मामले की छानबीन में जुटी है।



