
असम पुलिस कांग्रेस नेता पवन खेड़ा के दिल्ली स्थित आवास पर पहुंची
नई दिल्ली/गुवाहाटी- 07 अप्रैल। असम के मुख्यमंत्री डॉ. हिमंत बिस्वा सरमा की पत्नी की ओर से कांग्रेस प्रवक्ता पवन खेड़ा के खिलाफ दर्ज कराई गयी प्राथमिकी के सिलसिले में पूछताछ के लिए असम पुलिस की एक टीम मंगलवार को खेड़ा के दिल्ली स्थित आवास पर पहुंची।
दिल्ली पहुंची असम पुलिस की टीम में शामिल अपर पुलिस आयुक्त देबोजीत नाथ के मुताबिक गुवाहाटी में क्राइम ब्रांच पुलिस स्टेशन में केस दर्ज किया गया है। हमें इस केस के सिलसिले में पवन खेड़ा की तलाश थी। हम उनकी तलाश में आए थे, लेकिन वह नहीं मिले और उनके घर की तलाशी ली गई। हमें कुछ आपत्तिजनक सामान मिला है। इलेक्ट्रॉनिक डिवाइस ज़ब्त कर लिए गए हैं। वह कहां हैं, यह अभी पता नहीं है, लेकिन उन्हें ढूंढ लिया जाएगा।
सूत्रों के मुताबिक पवन खेड़ा पहले ही दिल्ली से हैदराबाद की यात्रा पर रवाना हो चुके हैं। हालांकि उनकी इस यात्रा का उद्देश्य स्पष्ट नहीं हो सका है।
उल्लेखनीय है कि कांग्रेस प्रवक्ता खेड़ा ने हाल ही में आरोप लगाया था कि मुख्यमंत्री डॉ. सरमा की पत्नी रिनिकी भुइयां के पास तीन विदेशी पासपोर्ट और अमेरिका एवं संयुक्त अरब अमीरात में अघोषित संपत्तियां हैं।
इस प्रकरण पर प्रतिक्रिया व्यक्त करते हुए कांग्रेस प्रवक्ता सुप्रिया श्रीनेत ने कहा, “पवन खेड़ा ने हिमंत बिस्वा सरमा और उनके परिवार के खिलाफ गंभीर आरोप लगाए हैं। उन्हें इसका जवाब देना चाहिए। असम पुलिस दिल्ली में किसे डराने की कोशिश कर रही है?”
कांग्रेस नेता राशिद अल्वी ने कहा कि कोई भी प्रवक्ता यदि कुछ कहता है तो वह अपने मन से कुछ नहीं बोलता बल्कि पार्टी की ओर से बोलता है। अगर किसी प्रवक्ता के खिलाफ प्राथमिकी होती है तो यह गैरकानूनी है। हर रोज भाजपा के नेता हम पर आरोप लगाते रहते हैं। हमें भी उन पर रोज प्राथमिकी करा देनी चाहिए।



