मधुबनी- 04 सितंबर। जदयू प्रवक्ता सह एमएलसी नीरज कुमार ने बुधवार को सर्किट हाउस में आयोजित प्रेस कांफ्रेंस में विपक्ष पर तीखा हमला करते हुए कहा कि मुख्यमंत्री नीतीश कुमार के विकास मॉडल ने विपक्ष को राजनीतिक रूप से घायल कर दिया है। उन्होंने कहा कि विपक्ष विकास पर बहस करने के बजाय एसआईआर जैसे मुद्दों में उलझा हुआ है, क्योंकि उनके पास कोई ठोस तर्क नहीं है। नीरज कुमार ने तेजस्वी यादव पर तंज कसते हुए कहा कि राहुल गांधी ने उन्हें पॉलिटिकल ड्राइवर बना दिया है। जिस व्यक्ति के पास 70 से अधिक विधायक हों, वह आज राहुल गांधी का ड्राइवर बन गया है। यह बिहार की राजनीति के लिए दुर्भाग्यपूर्ण है। उन्होंने राजद सुप्रीमो लालू प्रसाद यादव को सामाजिक न्याय का पाखंडी करार देते हुए आरोप लगाया कि उन्होंने कभी सच्चे सामाजिक न्याय के लिए कार्य नहीं किया। नीरज ने एक ऐतिहासिक दस्तावेज का हवाला देते हुए कहा कि जब लालू यादव सोनपुर से विधायक थे, तो उन्होंने जननायक कर्पूरी ठाकुर के लिए यह तक कहा था कि मेरी जीप में तेल नहीं है, उन्हें रिक्शा से आ जाना चाहिए। श्री कुमार ने कहा कि यह स्पष्ट रूप से दर्शाता है कि लालू यादव ने कर्पूरी ठाकुर जैसे महान नेता का भी सम्मान नहीं किया। उन्होंने राहुल गांधी और तेजस्वी यादव दोनों पर आरोप लगाया कि वे जननायक का अपमान कर रहे हैं। जदयू प्रवक्ता ने घोषणा की कि पार्टी पूरे बिहार में पोस्टर और प्रचार अभियान चलाकर इस अपमान का जवाब देगी। उन्होंने कहा कि कर्पूरी ठाकुर ने हमेशा दलितों, पिछड़ों और गरीबों के लिए संघर्ष किया और उनका अपमान देश बर्दाश्त नहीं करेगा।
