
गिफ्ट सिटी से शाहपुर तक अहमदाबाद मेट्रो विस्तार को दी मंजूरी, 1,067 करोड़ रुपये की परियोजना
नई दिल्ली- 24 फरवरी। केंद्रीय मंत्रिमंडल ने मंगलवार को गुजरात मेट्रो रेल कॉरपोरेशन लिमिटेड (जीएमआरसी) के मौजूदा उत्तर–दक्षिण कॉरिडोर को गिफ्ट सिटी से शाहपुर तक 3.33 किलोमीटर विस्तारित करने के प्रस्ताव को मंजूरी दे दी है। इस परियोजना की कुल अनुमानित लागत 1,067.35 करोड़ रुपये है और इसे लगभग चार वर्षों में पूरा करने का लक्ष्य निर्धारित किया गया है।
प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी की अध्यक्षता में हुई केंद्रीय मंत्रिमंडल की बैठक में इससे जुड़े प्रस्ताव को मंजूरी प्रदान की गयी। सूचना एवं प्रसारण मंत्री अश्विनी वैष्णव ने राष्ट्रीय मीडिया केंद्र में आयोजित पत्रकार वार्ता में बताया कि यह पूरा खंड एलिवेटेड (ऊपर से गुजरने वाला) होगा तथा इसमें तीन नए एलिवेटेड स्टेशन बनाए जाएंगे। यह विस्तार अहमदाबाद शहर और गिफ्ट सिटी क्षेत्र के बीच सार्वजनिक परिवहन संपर्क को और मजबूत करेगा। प्रस्तावित रूट के आसपास स्थित बहुराष्ट्रीय कंपनियों, शैक्षणिक संस्थानों, व्यावसायिक प्रतिष्ठानों और आवासीय क्षेत्रों को सीधा लाभ मिलेगा।
उन्होंने कहा कि परियोजना के क्रियान्वयन से वर्ष 2029 तक प्रतिदिन लगभग 23,702 यात्रियों के इस कॉरिडोर के उपयोग का अनुमान है, जो वर्ष 2041 तक बढ़कर लगभग 58,059 प्रतिदिन हो सकता है। इससे अहमदाबाद और गिफ्ट क्षेत्र के बीच व्यवसाय, रोजगार तथा शिक्षा से जुड़े आवागमन की आवश्यकता को सुगम और तेज बनाया जा सकेगा। विस्तार से नेटवर्क एकीकरण बेहतर होगा और उत्तर–दक्षिण कॉरिडोर की समग्र उपयोगिता बढ़ेगी। इससे निजी वाहनों पर निर्भरता कम होगी, यातायात दबाव घटेगा और पर्यावरणीय लाभ भी प्राप्त होंगे।
परियोजना के निर्माण चरण में लगभग 1,000 प्रत्यक्ष रोजगार सृजित होने की संभावना है, जबकि संचालन एवं अनुरक्षण (ऑपरेशन एवं मेंटेनेंस) चरण में लगभग 250 लोगों को स्थायी रोजगार मिलेगा। इसके अतिरिक्त, निर्माण, आपूर्ति, सेवाओं तथा सहायक गतिविधियों के माध्यम से अप्रत्यक्ष रोजगार के अवसर भी बड़ी संख्या में उत्पन्न होंगे।
यह परियोजना गुजरात मेट्रो रेल कॉर्पोरेशन लिमिटेड (जीएमआरसी) द्वारा क्रियान्वित की जाएगी, जो भारत सरकार और गुजरात सरकार के बीच 50:50 का संयुक्त उपक्रम है।
वर्तमान में अहमदाबाद मेट्रो के अंतर्गत चरण-1 और चरण-2 सहित कुल 68.28 किलोमीटर लंबा नेटवर्क परिचालन में है, जिसमें 53 स्टेशन शामिल हैं। चरण-1 (एपीएमसी से मोटेरा स्टेडियम तथा थलतेज गाम से वस्त्राल गाम) सितंबर 2022 से और चरण-2 (मोटेरा स्टेडियम से महात्मा मंदिर तथा जीएनएलयू से गिफ्ट सिटी) जनवरी 2026 से संचालित है। इस मेट्रो नेटवर्क की वर्तमान औसत दैनिक सवारी लगभग 1.60 लाख यात्रियों की है।
गिफ्ट सिटी से शाहपुर तक यह विस्तार अहमदाबाद महानगर क्षेत्र में सतत, सुरक्षित और आधुनिक शहरी परिवहन प्रणाली को और सुदृढ़ करेगा तथा क्षेत्रीय आर्थिक गतिविधियों को नई गति प्रदान करेगा।



