
पाकिस्तान की सैन्य चौकी पर अफगानिस्तान का कब्जा, 14 सैनिकाें की मौत
काबुल- 14 मार्च। अफगानिस्तान के रक्षा मंत्रालय ने दावा किया है कि पूर्वी अफगानिस्तान में डुरंड रेखा के पास हुई झड़पों के बाद अफगान राष्ट्रीय रक्षा बलों ने एक पाकिस्तानी सैन्य चौकी पर कब्जा कर लिया। इस ऑपरेशन में 14 पाकिस्तानी सैनिक मारे गए, जबकि 11 अन्य घायल हो गए। मंत्रालय के अनुसार, यह कार्रवाई सीमावर्ती प्रांत कुनार और नंगरहार में कथित पाकिस्तानी सैन्य गतिविधियों के जवाब में की गई, जिसमें कई पाकिस्तानी सैनिकों के मारे जाने और सैन्य उपकरणों के नष्ट होने का भी दावा किया गया है।
अफगनिस्तान की सूचना और संस्कृति मंत्रालय के अधीन आधिकारिक सरकारी एजेंसी बख्तर न्यूज़ एजेंसी (बीएनए) के अनुसार अफगानिस्तान की रक्षा मंत्रालय ने दावा किया है कि अफगान राष्ट्रीय रक्षा बलों ने पूर्वी अफगानिस्तान में दुरंड रेखा के पास स्थित एक पाकिस्तानी सैन्य चौकी पर कब्जा कर लिया है। यह कार्रवाई दोनों पक्षों के बीच हुई झड़पों के बाद की गई।
रक्षा मंत्रालय द्वारा जारी बयान के अनुसार, यह ऑपरेशन पूर्वी प्रांत कुनार और नंगरहार के सीमावर्ती क्षेत्रों में “पाकिस्तानी सैन्य शासन के अपराधों” के जवाब में शुरू किया गया था। मंत्रालय का कहना है कि अफगान बलों ने कार्रवाई के दौरान पाकिस्तानी चौकी पर नियंत्रण स्थापित कर लिया।
बयान में दावा किया गया है कि इस ऑपरेशन में 14 पाकिस्तानी सैनिक मारे गए, जबकि 11 अन्य घायल हो गए। इसके अलावा, संघर्ष के दौरान एक बख्तरबंद टैंक और एक सैन्य वाहन भी पूरी तरह नष्ट कर दिया गया।
अफगान रक्षा अधिकारियों ने कहा कि देश की सुरक्षा बल डुरंड रेखा पर उत्पन्न होने वाले किसी भी खतरे का सामना करने के लिए पूरी तरह तैयार हैं और सीमा क्षेत्रों की सुरक्षा के लिए आवश्यक कदम उठाए जाएंगे।



