
ADJ झंझारपुर से मारपीट के विरोध में पटना सिविल कोर्ट के अधिवक्ताओं ने किया कार्य बहिष्कार
-झंझारपुर की घटना को लेकर वकीलों में है खासी नाराजगी
पटना- 23 नवंबर। मधुबनी जिले के झंझारपुर सिविल कोर्ट के एडीजे अविनाश कुमार से चेंबर में घुसकर मारपीट के विरोध में पटना सिविल कोर्ट के अधिवक्ताओं ने मंगलवार को कार्य बहिष्कार किया। सिविल कोर्ट के अधिवक्ताओं ने एडीजे के साथ हुई मारपीट के विरोध में नारेबाजी की। साथ ही उन्होंने प्रशासन से मांग की है कि ऐसी घटना दोबारा ना हो। अधिवक्ता राजेश कुमार ने कहा कि कि पुलिस की कार्यप्रणाली में सुधार की आवश्यकता है। इसमें सुधार की जरूरत है। इस मामले में हम लोग हाई कोर्ट से निवेदन कर रहे हैं। इस मामले पर सरकार भी निर्णय ले।
उल्लेखनीय है कि 18 नवंबर को झंझारपुर एडीजे अविनाश कुमार के चेंबर में घुसकर घोघरडीहा थानाध्यक्ष गोपाल कृष्ण एवं एएसआई अभिमन्यु कुमार शर्मा ने उन पर पिस्तौल तान दिया था। तथा मारपीट की थी। कोर्ट के कर्मचारियों एवं वकीलों ने उनकी जान बचाई थी।
आरोप है कि उस दिन लगभग सवा दो बजे थानाध्यक्ष गोपाल और एएसआई अभिमन्यु एडीजे के कक्ष में घुस गए। वहां आते ही जज साहब को कहने लगे कि तुम्हारी हैसियत कैसे हो गई कि तुम हम लोगों को बुलाते हो। तुमको हम एडीजे नहीं मानते। अभिमन्यु एडीजे के साथ मारपीट करने लगा। तथा गोपाल भद्दी-भद्दी गालियां देने लगा। इस मामले में दोनों आरोपियों के खिलाफ मामला दर्ज कर उन्हें न्यायिक हिरासत में भेजा गया है। फिलहाल दोनों पुलिस अधिकारियों का दरभंगा के डीएमसीएच में इलाज रहा है।



