
मधुबनी में गाजे-बाजे के बीच निकलेगी चैत्र नवरात्र की भव्य कलश शोभायात्रा
मधुबनी- 18 मार्च।शहर सहित जिलेभर में चैत्र नवरात्र के लिए कलश स्थापन की तैयारी पूरी कर ली गई है। 19 मार्च गुरुवार को गाजे-बाजे के बीच भव्य कलश शोभायात्रा निकाली जाएगी। कलश शोभायात्रा की तैयारी पूरी कर ली गई है। हरेक पूजा स्थलों से कलश शोभायात्रा के लिए बड़ी संख्या में कलश मगाई गई है। शहर के सूडी स्कूल मैदान, गंगासागर परिसर, चकदह, गोशाला चौक सहित अन्य पूजा स्थलों से कलश शोभायात्रा निकाली जाएगी। कलश शोभायात्रा शहर का भ्रमण करते हुए पूजा स्थल पर पहुंचेगी।
सूडी स्कूल मैदान चैती नव दुर्गा पूजा समिति के अध्यक्ष सह व्यवस्थापक सतीश कुमार महथा, मेला प्रभारी दिनेश पंजियार, सचिव घनश्याम पंडित, कोषाध्यक्ष देबू नायक, उपाध्यक्ष अंकित कुमार महथा, सदस्य सन्नी नायक, सहित समिति सदस्यों ने बताया कि 19 मार्च को सुबह आठ बजे सूडी स्कूल मैदान से भव्य कलश शोभायात्रा निकाली जाएगी। पूजा स्थल स्थित बच्चों के लिए झूला, मिठाई दुकान, खिलौने व अन्य दुकान लगाए जाएंगे। पूजा स्थल की साफ-सफाई और स्वच्छता के लिए विशेष व्यवस्था होगी। पूजा की निगरानी के लिए सीसीटीवा कैमरा लगाई जाएगी।



