
BIAHR:-सुपौल में वार्ड पार्षद के दो बेटों की हत्या
सुपौल,05 जनवरी। जिले में बुधवार को मधेपुरा वार्ड संख्या- 8 के वार्ड पार्षद के दो पुत्र की हत्या से सनसनी फैल गई है। दोनों बेटों की लाश सुपौल सदर थाना इलाके के बलवा डुमरिया के कोसी नदी में मिली है। इसके बाद पुलिस पूरे मामले की तफ्तीश में जुट गई है। मृतक दोनों भाई में बड़े भाई मिट्ठू का ससुराल सुपौल के डुमरिया में था। देर रात मधेपुरा से चलकर अपने ससुराल के लिए निकला था लेकिन वो ससुराल काफी रात तक जब नही पहुंचा तो ससुराल वाले ने भी उसके परिजनों को फोन करना शुरू किया। इसके बाद भी पूरी रात दोनों परिवार एक दूसरे को फोन कर रहे थे लेकिन किसी प्रकार की जानकारी नहीं मिल पाई। सुबह कुछ लोगों ने बताया कि दो युवकों की लाश कोसी नदी में पड़ी हुई है। जहां पर दोनों भाई की लाश मिली है वही उसकी बाइक भी गिरी हुई थी। जिसके बाद परिजनों ने मधेपुरा वार्ड संख्या- 8 के वार्ड पार्षद माला देवी के दोनों बेटे के रूप में पहचान की।
मृतक की मां ने बताया कि उनका बेटा कल अपने डेढ माह के बेटे को ठंड का कपड़ा देने अपने ससुराल आया था। उन्होंने शाम होने के कारण यहां आने से मना भी किया था लेकिन बेटे को देखने की ललक के कारण वो अपने भाई के साथ यहां चला आया। हालांकि मृतक युवक की मां वार्ड पार्षद माला देवी ने चुनावी रंजिश से भी इंकार नहीं किया है। उनका कहना है कि पुलिस अगर ठीक तरीके से जांच करे तो उनके दोने बेटे की हत्यारे की गिरफ्तारी होगी। पुलिस इस मामले पर कुछ भी खुलकर अभी नहीं बोल रही है। इस बाबत सदर एसडीपीओ इंद्र प्रकाश का कहना है कि जांच के बाद ही मामले का खुलासा होगा। लेकिन पुलिस दोनों सगे भाई की मौत को संदेहास्पद मान कर जांच में जुट गयी है।



